आगरालीक्स…नये सेशन में निजी स्कूलों ने लूटने का किया पूरा प्रबंध. बैग किट में लंच बॉक्स भी शामिल. शर्ट के बटन पर भी स्कूल का नाम तो पेंट में प्लेट्स जरूरी…फीस भी कई गुना बढ़ाई
अप्रैल के महीने से स्कूलों में नये सेशन की शुरुआत हो रही है लेकिन इसके साथ ही निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों को लूटने का फुल प्लान तैयार किया जा चुका है. कई स्कूलों ने फीस कई गुना बढ़ा दी है तो वहीं कई स्कूलों ने इस बार पूरी ड्रेस ही चेंज कर दी है. यही नहीं बैग किट खरीदने में अब उसमें लंच बॉक्स भी शामिल कर दिया गया है. यानी आप किताब, कॉपियों के साथ बैग, स्टेशनरी और लंच बॉक्स भी पैक्ड है. इसका पूरा पैकेट आपको लेना ही है. स्कूलों द्वारा की जा रही मनमानी को लेकर अभिभावकों की संस्था प्रोग्रेसिव एसोसिएशन आफ पैरेंट्स अवेयरनेस द्वारा लगातार इसका विरोध किया जा रहा है.

आगरा में निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर मंगलवार को अभिभावकों ने जमकर हंगामा भी किया और उन्होंने कॉपी किताब की बिक्री के लिए घरों में बनाए जा रहे गोदाम का विरोध किया. उन्होंने कहा कि कापी-किताबों का कोई बिल भी नहीं दिया जा रहा है और इससे वसूली चल रही है. प्रोग्रेसिव एसोसिएशन आफ पैरेंट्स अवेयरनेस के संयोजक दीपक सरीन ने बताया कि निजी स्कूलों द्वारा अपनी फिक्स दुकानों पर ही बैग किट खरीदने के लिए विवश किया जा रहा है. यहां किताब के साथ पूरी कॉपियों और स्टेशनरी बैग में दी जा रही है. यही नहीं कई जगह तो बैग किट में लंच बॉक्स को भी शामिल किया गया है. औसतन एक बैग किट की कीमत पांच से छह हजार रुपये के बीच की है. एनसीआरटी की बुक नाम के लिए ही शामिल हैं. अधिकतर किताबें निजी प्रकाशकों की हैं जिनके रेट बहुत ज्यादा है.
एक पैरेंट्स ने बताया कि कॉन्वेंट स्कूलों में बच्चों की शर्ट पर लगने वाले बटन पर भी स्कूल का नाम है. अगर बटन किसी कारणवश टूट जाता है तो वह बटन कहीं नहीं मिला और ऐसे में आपको पूरी शर्ट ही खरीदनी पड़ती है. वहीं शहर के एक बड़े मिशनरी स्कूल ने इस बार प्लेट्स वाली पेंट अनिवार्य कर दी है. इसके कारण स्कूल के सभी बच्चों को नई पैंट खरीदनी पड़ रही है.
