आगरालीक्स….आगरा में 10 दिवसीय टेलीमेडिसिन प्रशिक्षण शुरू. लाभों को भी बताया
आरोग्य फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया, एकल आरोग्य प्रकल्प के तत्वावधान में एत्मादपुर संच की सेविकाओं के लिए दस दिवसीय आवासीय टेलीमेडिसिन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ पुरुषोत्तम दास सावित्री देवी कैंसर हॉस्पिटल में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन ब्रज सम्भाग के अध्यक्ष डॉ अरुण चतुर्वेदी और कोषाध्यक्ष मुकेश शर्मा द्वारा मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। आरोग्य फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ शम्मी कुमार कालरा ने अपने उद्बोधन में ग्रामीण अंचल में टेली मेडिसिन की आवश्यकता पर बल दिया।

डॉ चतुर्वेदी ने आरोग्य सेविकाओं को टेलीमेडिसिन के लाभों के विषय मे बताया। फाउंडेशन के टेलीमेडिसिन संयोजक डॉ मनीष कुमार ने बताया कि सम्पूर्ण भारत के असम, अरुणाचल, झारखण्ड, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश आदि प्रान्तों के लगभग 400 ग्रामों में टेलीमेडिसिन का कार्य सफलता पूर्वक चल रहा है। मुकेश शर्मा ने कहा कि सेविकाओं को इस प्रशिक्षण को लेकर अपने क्षेत्र में आरोग्य की परिकल्पना को साकार करना होगा। मंच संचालन ब्रज संभाग के एसटीओ मनोज शर्मा ने किया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रातः 7 बजे से रात्रि 8 बजे तक प्रतिदिन होगा। इस अवसर पर एस के बग्गा, सुरेश भांबरी, शशांक गुप्ता, विक्रम सिंह, विष्णु, पूनम त्यागी विशेष रूप से उपस्थित थे।