आगरालीक्स…आगरा में एसएन मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने उच्च शिक्षा मंत्री से कहा हमारा भविष्य खतरे में है, 5 महीने से विवि ने नहीं कराए एग्जाम…
हमारा भविष्य खतरे में है, पांच महीने से विवि ने एग्जाम नहीं कराए हैं. हमारे एग्जाम कराओ…ये कहना है कि एसएन मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट्स का. शुक्रवार को उन्होंने एसएन मेडिकल कॉलेज में पहुंचे उच्च शिक्षा मंत्री से मुलाकात की और अपनी परेशानियां बताईं. उच्च शिक्षा मंत्री एमसीएच विंग के बाहर आश्रय पालना स्थल का लोकार्पण करने के लिए पहुंचे थे. एसएन सहित अन्य मेडिकल काॅलेजों के एमबीबीएस के छात्रों की विवि ने परीक्षाएं नहीं कराई हैं. इससे छात्र परेशान हैं और आमरण अनशन की चेतावनी दी है. सीएम कार्यालय सहित डीजीएमई कार्यालय में परीक्षाएं न कराने की शिकायत की है.

आंबेडकर विवि से संबद्ध एसएन मेडिकल कालेज सहित अन्य मेडिकल कालेजों के एमबीबीएस बैच 2019 20 न्यू कोर्स व सप्लीमेंट्री, 2020 बैच न्यू व ओल्ड कोर्स, फाइनल प्रोफेशनल, पार्ट प्रथम बैच 2019 न्यू कोर्स मुख्य परीक्षा, पुराना कोर्स, मुख्य व सप्लीमेंट्री की परीक्षाएं लंबित हैं. 2020 बैच के छात्रों की परीक्षा दिसंबर 2022 में होने के बाद तीसरे वर्ष की कक्षाएं जनवरी से शुरू होनी थी लेकिन विवि ने अभी परीक्षाएं नहीं कराई हैं. एमबीबीएस छात्र विवि के चक्कर लगा रहे हैं. कुलपति आशु रानी से परीक्षाएं कराने की मांग की, उन्होंने आश्वासन भी दिया.
परीक्षा प्रभारी ने फार्म भरने के लिए नहीं खोली लाॅगइन आईडी
परीक्षा नियंत्रक डाॅ. ओम प्रकाश ने परीक्षा प्रभारी आईआईटी के निदेशक प्रो. मनु प्रताप को एमबीबीएस छात्रों के परीक्षा फार्म भरवाने के लिए लाॅग इन आईडी खोलने के निर्देश दिए थे लेकिन गुरुवार दोपहर तक लाॅग इन आईडी नहीं खोली गई. छात्र सुबह से काॅलेज और विवि के चक्कर लगाते रहे, कोई सही जानकारी भी नहीं दे रहा है.