आगरालीक्स…आगरा में अक्षय तृतीया पर खाटू नरेश का हुआ स्वर्ण श्रंगार, माथे पर सजा स्वर्ण मुकुट. जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर में छप्पन भोग और फूल बंगला
अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर आज 101 मालाओं के साथ स्वर्ण मुकुट, किरन, छत्र और माला से श्रंगारित श्याम बाबा की अलौकिक छवि भक्तों के लिए परमानन्द से कुछ कम नहीं थी। खाटू नरेश के इस मनोहारी रूप के दर्शन को हर श्रद्धालु उत्सुक था। इस अवसर पर सतरंगी फूलों का बंगला व फलों के छप्पन भोग के दर्शन पाकर हर भक्त भक्ति में डूबा नजर आया। जीवनी मंडी स्थित श्रीखाटू नरेश मंदिर में अक्षय तृतीया के उपलक्ष्य में मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्याम बाबा को स्वर्ण मुकुट, किरन, छत्र, गोपाल जी का मुकुट, माला और बाबा की स्नान रजत परात अर्पित किया गया। ट्रस्ट के सदस्य स्वर्ण मुकुट को परात में सजाकर अपने सिर पर रखकर मंदिर पहुंचे।
शाम 4 बजे वैदिक मंत्रोच्चारम के साथ पूजन कर श्याम बाबा का स्वर्ण श्रंगार किया। स्वर्ण श्रंगार के बाद आरती कर सभी भक्त श्याम बाबा के भजनों पर भक्ति में डूबे नजर आए। जगमग रोशनी और फूलों से मंदिर परिसर को सजाया गया। अंगूर, आम, खरबूजा, तरबूज, सेब, केला जैसे मौसमी फलों के छप्पन भोग व श्याम बाबा के स्वर्ण श्रंगार के दर्शन कर हर भक्त श्याम बाबा की इस अलौकिक छवि को निहारता रहा। सभी भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल कुमार मित्तल, अरुण कुमार मित्तल, हेमेन्द्र अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, मनीश बंसल, रवि अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, मनीष गोयल, अर्पित मित्तल, संजय अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, अमित गोयल, यश हेमेन्द्र अग्रवाल आदि उपस्थित थे।