आगरालीक्स …आगरा रीजन में एक छात्रा ने मधुमिता शुक्ला हत्याकांड के आरोपी पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के बेटे और पत्नी सारा सिंह की हत्या के आरोपी अमनमणि त्रिपाठी मामले में बयान दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सीबीआई को दिए बयान में छात्रा ने कहा है कि मेरे कारण ही कार खंदी में पलट गई थी। मैं घबरा गई थी और घटना के बाद कभी सामने नहीं आई।
9 जुलाई 2015 की सुबह गोमतीनगर स्थित आवास से अमनमणि त्रिपाठी अपनी पत्नी सारा को लेकर कार से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। सिरसागंज, फीरोजाबाद क्षेत्र में कार एक्सीडेंट में सारा की मौत हो गई थी और अमनमणि को चोट नहीं आई थी। सारा की मां सीमा सिंह ने अमनमणि पर अपनी बेटी की हत्या के आरोप लगाए थे। इस मामले में सीबीआई जांच कर रही है।
इंटर कॉलेज की छात्रा नीलम बघेल के लिए बयान
पांच दिन से सिरसागंज में सीबीआई के डीएसपी संतोष कुमार के साथ टीम उस छात्रा की तलाश कर रही थी, जिसके बारे में अमनमणि ने बताया था कि सफेद यूनिफॉर्म पहने छात्रा के गाडी के सामने आने से एक्सीडेंट हुआ था। यह यूनिफॉर्म श्री महावीर दिगंबर जैन इंटर कॉलेज सिरसागंज की है। इस पर टीम ने कॉलेज के रिकॉर्ड खंगाले। हादसे वाले मार्ग पर पड़ने वाले गांव नगला खुशहाली की रहने वाली इंटर की छात्रा नीलम बघेल (22) पुत्री तालेवर सिंह का नाम सामने आया। सीबीआई की टीम रविवार की शाम ही गांव पहुंचकर छात्रा के घरवालों से मिली।
सीबीआई को छात्रा ने बताया कि जब वह स्कूल से आ रही थी तो हाईवे स्थित चौराहे पर आकर आगे बढ़ रही थी तभी एक कार स्पीड में आती दिखी। उसे लगा कि वह निकल जाएगी कार के सामने आते ही वह हड़बड़ा कर आगे-पीछे होने लगी और कार सवार उसे बचाने में खंदी में जाकर गिरा था। कार सीधी खड़ी हो गई थी फिर चालक वाला हिस्सा ऊपर आ गया। इसके बाद भीड़ बढ़ते ही वह हड़बड़ाहट में घर चली आई। उसे नहीं पता था कि हादसा इतना बड़ा हो गया होगा।
छात्रा की कहानी से किया जा रहा गुमराह
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सारा की मां सीमा सिंह का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या बेरहमी से की गई थी। अमनमणि कभी किसी महिला के कार के आगे आने की बात कह रहा था तो कभी छात्रा और लड़के की। बयान बदलने से उन्हें हत्या का शक हुआ था। सीबीआई को गुमराह कर रहा है और जो छात्रा ऐसे बयान दे रही है, उसे खरीदा गया होगा। सीबीआई से इंसाफ की उम्मीद है।
इंटरनेट फोटो
Leave a comment