आगरालीक्स…आगरा में एक टीचर की हरकत से परेशान छात्राएं. कभी दुपट्टा खींच लेता था तो कभी जेबों में हाथ डाल देता था…मुकदमे के आदेश
आगरा में एक टीचर की हरकतों से परेशान छात्राओं ने स्कूल जाना बंद कर दिया. पुलिस में आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत की तो सुनवाई नहीं हुई जिसके बाद सभी छात्राएं और उनके परिजन मंगलवार को पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिंदर सिंह से जाकर मिले और आरोपी टीचर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमे के आदेश जारी किए हैं और छात्राओं के बयान दर्ज कर कार्रवाई करने को कहा है.

मामला थाना शमसाबाद के गांव लहरा स्थित प्राथमिक विद्यालय का है. यहां पढ़ने वाली कई छात्राओं और उनके परिजनों का आरोप है कि शिक्षक आशुतोष् शर्मा कई महीने से छात्राओं के साथ छेड़खानी कर रहा था जिसके चलते वह दहशत में थीं. कक्षा में जाने से कतराने लगीं. जब आरोपी टीचर की हरकतें बढ़ गईं तो छात्राओं ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी जिसके बाद से परिजन आरोपी शिक्षक को वहां से हटाने की मांग कर रहे थे. उनका कहना है कि हम ऐसे शिक्षक के रहते अपनी बच्चियों को स्कूल नहीं भेज सकते हैं.
पुलिस कमिश्नर के पास पहुंची छात्राओं ने शिकायत की कि आरोपी शिक्षक कभी उनका दुपट्टा खींच लेता था तो कभी उनकी जेबों में हाथ डाल देता था तो कभी पीठ पर हाथ मारता था. इसके चलते वह कक्षा में जाने से भी घबराने लगी थी. उनका कहना है कि शिक्षक अपने साथ रिवाल्वर भ्ज्ञी रखता था जिसे दिखाकर कई बार धमकी भी दे चुका था. कई ग्रामीण और छात्राओं के परिजन स्कूल पहुंचे तो वहां आरोपी टीचर ने महिलाओं के पैर छूकर मामला रफा दफा करने का प्रयास किया लेकिन महिलाओं का कहना था कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाएं करके माफी मांग चुका है. उन्होंने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.