आगरालीक्स …आगरा के एक बड़े कारोबारी परिवार में संपत्ति का विवाद मुकदमे तक पहुंच गया है। 20 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज, पूर्व निदेशक बोले बार बार दर्ज कराए जा रहे मुकदमे।

आगरा के मधुसूदन मोटर्स व्हीकल के निदेशक पुरानी विजय नगर कॉलोनी निवासी अनुराग अग्रवाल ने कोर्ट के माध्यम से थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कंपनी के पूर्व निदेशक व मैसर्स शिवम ट्रेडर्स एंड हॉवर परचेज के दीपेंद्र अग्रवाल और भाई हिमांशु अग्रवाल को नामजद किया है। 20 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप में थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज हुआ है।
20 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप
अनुराग अग्रवाल ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था इसमें कहा कि वह मैसर्स मधुसूदन मोटर्स व्हीकल क निदेशक हैं। कंपनी के निदेशक मंडल द्वारा उन्हें धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराने के लिए अधिक्रत किया गया है। आरोप लगाया है कि कंपनी के अभिलेखों की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कंपनी के पूर्व निदेशक दीपेंद्र शंकर अग्रवाल ने साजिश में अपने पिता और भाई को शामिल करते हुए मधुसूदन व्हीकल्स को हानि पहुंचाने के लिए षडयंत्र रचा। अवैध रूप से लाभ अर्जित करने के लिए मैसर्स मधुसूदन मोटर्स के खातों से करोड़ों रुपये मैसर्स शिवम ट्रेडर्स हायर परचेज के खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके लिए प्रस्ताव भी नहीं लेकर आए।
दर्ज कराए जा रहे बार बार मुकदमे
इस मामले में दीपेंद्र शंकर अग्रवाल का कहना है कि बार बार मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं, जिस कंपनी को लेकर मुकदमा दर्ज कराया गया है उसका आधे का मालिक मैं हूं, अनुराग अग्रवाल का मालिकाना हक नहीं है। आरोप है कि एक मंत्री के बेटे के दबाव में मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। डीजीपी द्वारा पूर्व में प्रकरण की जांच कराई जा चुकी है, सभी मामले सिविल प्रक्रति के बताए गए हैं, इसके बाद भी मुकदमा दर्ज कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार का कहना है कि कार्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है, परिवार के बीच काफी समय से संपत्ति का विवाद चल रहा है, साक्ष्य संकलन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।