आगरालीक्स…आगरा में पेट्रोल पंप पर टंकी फुल कराने पर ही ले रहे 2000 हजार का नोट। रेलवे टिकट विंडो पर लेने से इनकार। सिनेमा हॉल पर चलन में। सोने के रेट बढ़े।

पेट्रोल टंकी पर आ रहे हैं सबसे ज्यादा दो हजार के नोट
आगरा में दो हजार का नोट पेट्रोल पंपों पर तभी स्वीकार किया जा रहा है, जब चालक वाहन की टंकी को फुल कराता है। यदि चालक टंकी को फुल कराने से इनकार कर देता है तो उसका नोट नहीं लिया जा रहा है।
आगरा के सिनेमा हॉलों पर चल रहा है नोट
आगरा के सिनेमा हॉलों पर दो हजार का नोट स्वीकार किया जा रहा है। श्री टाकीज के स्वामी निमित अग्रवाल ने बताया कि दर्शक दो हजार का नोट लेकर टिकट विंडो पर आ रहा है तो उसका नोट लिया जा रहा है और टिकट दी जा रही है।
रेलवे टिकट विंडो पर लेने से इनकार

आगरा कैंट और राजा की मंडी रेलवे स्टेशन की टिकट विंडो पर टिकट लेने पर दो हजार का नोट लेने से इनकार किया जा रहा है। इसकी वजह से यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर आज सुबह एक यात्री ने दो हजार का नोट देकर दिल्ली के इंटरसिटी के चार टिकट मांगे लेकिन उसका नोट वापस कर दिया। इस पर यात्री को अपनी साथी महिला से पांच सौ का नोट लेकर टिकट लिए गए।
सोने के दामों में दो से तीन हजार बढाए

दो हजार के नोट के बदले सोना लेने पर कुछ ज्वैलर्स द्वारा 10 ग्राम सोने पर दो से तीन हजार रुपये ज्यादा लिए जा रहे हैं। इस दौरान सोने के मूल्य का पूरा भुगतान दो हजार के नोट में भी किया जा रहा है।
छोटे दुकानदारों ने हाथ खड़े किए
छोटे दुकानदारों ने तो दो हजार का नोट लेने से ही इनकार कर दिया है। दुकानदार को यदि कोई ग्राहक दो हजार का नोट देता है तो दुकानदार सीधा कहता है क्यों मजाक कर रहे हो साहब..
दो हजार के नोट लेकर कहां बैंक जाएंगे और लाइन में लगेंगे। इससे दो हजार के नोट में सामान बेचने से बेहतर है न ही बेच जाए।