आगरालीक्स…आगरा में आसमान से बरसी आग. 46 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान. पूरे यूपी में झांसी के बाद दूसरा सबसे गर्म शहर रहा आगरा. कल से बदल सकता है मौसम..जानें अपडेट
आगरा में भीषण गर्मी पड़ रही है. रविवार के बाद सोमवार को भी दिन में आसमान से आग बरसी. लू के थपेड़े पड़ने लग गए हैं. हीट वेव के कारण दिन में घर से बाहर निकलना काफी मुश्किल हो रहा है. सोमवार को आगरा का अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा. यह इस सीजन का आगरा का रिकार्ड तापमान है. बात अगर पूरे यूपी की करें तो प्रदेश में आगरा झांसी के बाद दूसरा सबसे गर्म शहर आज रहा. झांसी का अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस रहा है.

सोमवार को सुबह से ही चिलचिलाती धूप रही. गर्मी से लोग परेशान होते रहे. पारे के जबरदस्त उछाल मारने से पंखे-कूलर भी ठंडक नहीं दे पा रहे. पंखे से तो गर्म हवा निकल रही है. हालांकि मंगलवार 23 मई से मौसम में फिर बदलाव आने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक 23 से 26 मई तक आंधी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. दिन में बादल छाए रहेंगे. इससे तापमान में गिरावट आएगी. कई जगह बारिश होने से अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है.