आगरालीक्स…आगरा के 15 ब्लॉकों में से 2 ब्लॉकों में ग्राउंड वॉटर की क्रिटिकल कंडीशन तो चार ब्लॉकों में सेमी क्रिटिकल…डीएम ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग, चैक डैम बनाने के दिए आदेश
जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला तकनीकी समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सर्व प्रथम विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “लाइफ प्रतिज्ञा”की शपथ ली गई, तत्पश्चात बैठक में मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना के क्रियान्वयन हेतु शासन द्वारा दिए निर्देश के अनुपालन में प्रदेश के कृषकों को सुलभ, समुचित एवं सुनिश्चित सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने, सौर ऊर्जा तथा सूक्ष्म सिंचाई पद्धति एवं वर्षा जल संचयन व भूगर्भीय जल के संवर्धन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना” के अंतर्गत वर्षा जल संभरण/रीचार्ज के दृष्टिगत रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली की स्थापना, जनपद में उसकी प्रगति पर विचार किया गया। बैठक में बताया गया कि जनपद के 15 ब्लॉक में 09 ब्लॉक ओवर एक्सप्लॉयटेड,02 ब्लॉक बाह, जैतपुर क्रिटिकल तथा 04 ब्लॉक पिनाहट, अछनेरा, खेरागढ़, जगनेर सेमी क्रिटिकल की श्रेणी में हैं।

बैठक में जनपद में जल संभारण हेतु विगत वर्ष किए गए कार्य तथा उसके परिणामों की समीक्षा की गई जिसमें बताया गया कि मिशन अमृत सरोवर के तहत मनरेगा से से विभिन्न कार्य कराए गए, उटंगन नदी की सफाई, शासकीय/अर्धशासकीय भवनों पर रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली की स्थापना , फार्म पौंड की स्थापना, भोजपुर बंधी की मरम्मत, सफाई का कार्य, उद्यान विभाग द्वारा स्प्रिंगलर विधि द्वारा सिंचाई, वन विभाग द्वारा मियांवकी विधि पर ब्रक्षारोपण जैसे विभिन्न उपायों द्वारा जनपद का भूगर्भ जलस्तर 0.9 प्रतिशत बढ़ा है,लेकिन जलदोहन अधिक होने से उसके प्रभाव परिलक्षित नहीं हो पा रहे हैं। बैठक में बताया गया कि शासकीय एवं अर्धशासकीय भवनों पर रूपटॉफ रेन वाटर हार्वेस्टिंग बनाए जाने हेतु 41 भवनों को प्रस्तावित किया गया है, शासन द्वारा 08 भवनों हेतु बजट स्वीकृत किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने ओवर एक्सप्लॉयटेड ब्लॉक के 08 स्थलों को चिह्नित कर रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग बनाए जाने के निर्देश दिए। बैठक में प्रस्तावित चैक डैम की मरम्मत,टूटफूट ठीक करने, तालाबों के सौंदर्यीकरण, सफाई,तथा संबंधित विभागों से जल संचयन हेतु प्रस्ताव प्राप्त कर जिला तकनीकी समन्वय समिति से प्राप्त प्रस्तावों पर कार्यवाही के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने शहर के सभी आरओ प्लांट संचालकों को तालाब गोद लेने हेतु बैठक कर प्रेरित करने के निर्देशित किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री ए.मानिकंडन, सहायक अभियंता लघु सिंचाई श्री मंगल यादव, डीसी मनरेगा श्री रामायण सिंह यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री नीतेश भोंडेले, नेहरू युवा केन्द्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।