आगरालीक्स…आगरा में भक्तों का इंतजार होगा खत्म. 15 दिन बाद कल दर्शन देंगे भगवान जगन्नाथ. रथयात्रा के लिए हरे रामा, हरे कृष्णा कर लोगों को निमंत्रण दिया जा रहा है..वीडियो देखें
श्रीजगन्नाथ भगवान की रथयात्रा 20 जून को
श्रीहरि के दर्शन को व्याकुल भक्तों का इंतजार कल खत्म हो जाएगा। ज्येष्ठ माह की पूर्णिमा से बीमार पड़े श्रीहरि बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र संग 15 दिन बाद आज नयन उत्सव में दर्शन देंगे। वहीं 15 दिन तक श्रीहरि के दर्शन को व्याकुल भक्तों के लिए 20 जून को भगवान जगन्नाथ स्वयं मंदिर से बाहर निकलकर रथयात्रा में भक्तों को दर्शन देने नगर भ्रमण को निकलेंगे। जिसमें देश विदेश के सैकड़ों भक्त भगवान को रस्सियों से खींचकर बल्केश्वर महादेव मंदिर से कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) तक ले जाएंगे।
श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में भक्तों को आमंत्रित करने के लिए आज इस्कॉन मंदिर कमला नगर द्वारा बल्केश्वर महादेव मंदिर से आमंत्रण यात्रा का शुभारम्भ किया गया। ढोल मृदंग और मंजीरों के भक्तिमय संगीत पर हरे राम, हरे कृष्णा… कीर्तन करते हुए बल्केश्वर, कमला नगर के श्रद्धालुओं को रथयात्रा के लिए आमंत्रित किया गया। जगह-जगह आमंत्रण यात्रा का शुभारम्भ किया गया।
नयन उत्सव में दर्शन को आतुर है भक्तजन
18 जून को 15 दिन बाद श्रीजगन्नाथ भगवान स्वस्थ होने के बाद भक्तों को दर्शन देंगे। इसके लिए कमला नगर स्थित स्कॉन मंदिर में जोर-शोर से तैयारियां चल रहीं हैं। छप्पन भोग के लिए भक्तजन तरह-तरह के व्यंजन पकाए रहे हैं। मंदिर से नियमित भक्त अपनी-अपनी रसोई में 56 भोग तैयार कर रहे हैं। फूल बंगले के लिए मालें पिरोई जा रहीं हैं। मंदिर को जगमग रोशनी से सजाया जा रहा है। भक्तों के लिए 18 जून को शाम 4 बजे से मंदिर के पट खुलेंगे।