आगरालीक्स…आगरा में चार पैथोलॉजी और एक हॉस्पिटल का बेसमेंट सील. स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन.
आगरा में स्वास्थय विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. अवैध रूप से संचालित आगरा की चार पैथोलॉजी और एक हॉस्पिटल के बेसमेंट को सील किया गया है. एक पैथोलॉजी में गोरखपुर की डॉक्टर के नाम से फर्जी साइन बनाकर रिपोर्ट दी जा रही थी.
बुधवार को टीम ने सबसे पहले खंदारी स्थित एम पैथ पर छापा मारा. यहां बिना डॉक्टर के ही रिपोर्ट दी जा रही थी जिसके बाद इसे सील कर दिया गया. इसके बाद टीम यमुना पार पहुंची. यहां टीम को दिव्या पैथोलॉजी बंद मिली. इसको खुलवाया तो यहां पैथोलॉजी में मशीन ही नहीं थी. टीम ने चेतावनी देकर छोड़ दिया. टीम द्वारा इसके बाद रामा हॉस्पिटल में संचालित आरएस पैथोलॉजी पर कार्रवाई की गई. यहां पर खून के सैंपल मिले लेकिन कोई डॉक्टर नहीं था. टीम के हाथ में एक रिपोर्ट लगी जिस पर डॉक्टर शबाना असरफ के साइन थे. पूछने पर बताया कि डॉ. शबाना असरफ गोरखपुर की हैं. टीम ने इस पैथोलॉजी को भी सील कर दिया.

टीम इसके बाद रामा हॉस्पिटल में गई जहां बेसमेंट में मरीज भर्ती थे. सभी मरीजों को ग्राउंड फ्लोर पर वार्ड में शिफ्ट कराने के बाद बेसमेंट को सील कर दिया गया. इसके बाद टीम ने समय और सना पैथोलॉजी की जांच की. यहां भी कोई डॉक्टर नहीं था. केवल कर्मचारी ही जांच कर रिर्पोअ बना रहे थे. टीम ने इन पैथोलॉजी को भी सील कर दिया.