आगरालीक्स…आगरा में गारमेंट शॉप से लाखों रुपये के कपड़े और 60 हजार कैश चोरी. आज दुकान खोली तो देखते ही उड़ गए होश
आगरा में चोरों ने कपड़े की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. थाना मलपुरा के लालऊ स्थित मॉडल कलेक्शन नाम की दुकान में चोरों ने छत काटकर वारदात की. चोर दुकान के अंदर से लाखों रुपये के कपड़े और 60 हजार रुपये चोरी कर ले गए हैं. सूचना पुलिस को दी गई है.

ये है मामला
किरावली के गांव उजरई में रहने वाले संजीव वशिष्ट की मलपुरा क्षेत्र के लालऊ में मॉडल कलेक्शन नाम से कपड़े की दुकान है. संजीव वशिष्ट ने बताया कि वह किसी काम से बाहर गए थे. बुधवार की सुबह दुकान पर काम करने वाले लवकुश सहित लड़कों ने दुकान खोली तो अंदर सारे कपड़े बिखरे थे और छत कटी हुई थी. जिसमें से होकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था. पीड़ित दुकानदार के अनुसार चोर दुकान के अंदर से 60 हजार रुपये कैश और ब्रांडेड कपड़े, इनवर्टर, कैमरा व एलईडी सहित अन्य सामान ले गए जिनकी कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है.
दुकानदार का कहना था कि लाखों रुपये का सामान वह एक दिन पहले ही लाए थे और मंगलवार रात को चोरी हो गई. पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश की जा रही है.