आगरालीक्स…आगरा के कान्वेंट स्कूल ने छात्रा को निकाला तो धरने पर बैठ गई मां. शिकायत की तो प्रिंसिपल ने काट के दे दी टीसी. कहा—कहीं और करा लें एडमिशन…पढ़ें पूरे आरोप
आगरा के एक कॉन्वेंट स्कूल द्वारा छात्रा को मारपीट करके स्कूल से निकालने के आरोप लगाए गए हैं. छात्रा की मां का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर प्रिंसिपल के पास गई तो प्रिंसिपल ने बेटी की टीसी काटकर हाथ में थमा दी और कहा कि अपनी बेटी का कहीं और जगह एडमिशन करा लो, हम आपकी बेटी को नहीं पढ़ा सकते. छात्रा की मां का आरोप है कि स्कूल के निकाले जाने के बाद से उसकी बेटी अवसाद में है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ये हैं आरोप
मामला न्यू गोविंद नगर स्थित सिंबोजिया गर्ल्स पब्लिक स्कूल का है. स्कूल में पूर्व सपा नेत्री मोनिका नाज खान की 16 साल की बेटी एलिस कक्षा 9वीं में पढ़ती है. एलिस की मां मोनिका का आरोप है कि गुरुवार को उनकी बेटी जब स्कूल से घर लौटी तो रोने लगी. जब रोने का कारण पूछा तो उसने सिर्फ यह बताया कि अब मुझे जिंदा नहीं रहना, मेरी बहुत बेइज्जती हो गई है. कुछ देर बाद बेटी की सहेलियां घर आईं और उन्होंने पूरा मामला बताया.

मोनिका नाज खान ने बताया कि उनकी बेटी की आंखों में आई फ्लू हो गया था. ऐसे में वह स्कूल में पीने वाले पानी से आंखें धोनी लगी जिस पर स्कूल में मौजूद शिक्षिका अनीता उसकी बेटी के बाल खींचकर कक्षा में लाई और उसे पीटा और अभद्रता की. बेटी की सहेलियों ने बताया कि टीचर की पिटाई से एलिस पूरे समय स्कूल में रोती रही.
इसके बाद मोनिका स्कूल के प्रधानाचार्य से इस मामले की शिकायत करने के लिए पहुंची तो आरोप है कि प्रधानाचार्य ने शिक्षिका को बुलाया तो शिक्षिका अनीता ने ऐसा कोई भी मामला होने से साफ इनकार कर दिया. जब मैंने विरोध किया तो प्रधानाचार्य ने मुझसे कहा कि अगर आपको स्कूल से इतनी ही परेशानी है तो आप अपनी बेटी का एडमिशन कहीं और करा लीजिए. इसके बाद उन्होंने मेरी बेटी की टीसी काटकर मेरे हाथ में थमा दी लेकिन मैं टीसी स्कूल में ही छोड़कर वापस चली आई.
इसके बाद जब दोबारा स्कूल गई तो मुझे एंट्री नहीं दी गई. इस पर पुलिस को कॉल की तो पुलिस यहां पहुंची तो वह पुलिस के साथ अंदर गई. लेकिन प्रधानाचार्य ने साफ इनकार कर दिया कि हम आपकी बच्ची को स्कूल में नहीं पढ़ाएंगे. मोनिका का कहना है कि स्कूल से निकाले जाने के बाद से उसकी बेटी अवसाद में है और उसका इलाज चल रहा है. मैं अभी अपनी बेटी को स्कूल भी नहीं भेज रही हूं. थाना क्षेत्र शाहगंज से सम्बन्धित उपरोक्त प्रकरण में थाना शाहगंज पुलिस टीम जांच कर आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है।