आगरालीक्स…आगरा में आर्थिक तंगी से जूझ रहा नगर निगम 100 करोड़ के बांड लेकर आएगा, मेयर और पार्षदों के लिए नया सदन बनेगा। नगर निगम के सदन में प्रस्ताव हुए पारित।
सोमवार को नगर निगम का सदन बुलाया गया। सदन में 100 करोड़ के बांड लाने का प्रस्ताव रखा गया। बांड के लिए नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल की अध्यक्षता में बनाई गई कमेटी ने रूपरेखा प्रस्तुति की। नगर निगम बांड से 100 करोड़ रुपये जुटाएगा, सेबी के माध्यम से बांड लाया जाएगा। बांड लाने पर प्रदेश सरकार से 15 करोड़ का अंशदान भी मिलेगा। इस 100 करोड़ के बांड में से 50 करोड़ से नए वाटरवक्र्स के निर्माण सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे। बांड लाने के लिए नगर निगम की किसी प्रोपर्टी को बंधक रखा जाएगा। नगर निगम के बांड को सदन में पारित कर दिया गया।
टैक्स की ब्याज पर राहत
नगर निगम के सदन में टैक्स की ब्याज पर राहत देने के प्रस्ताव को भी स्वीकार कर दिया गया। इसके साथ ही अन्य प्रस्ताव रखे गए, इन पर चर्चा हुई।
मेयर और पार्षदों के लिए बनेगा सदन
नगर निगम परिसर में एक नया सदन बनाया जाएगा। इसका प्रस्ताव भी पारित कर दिया गया। नए सदन के लिए नगर निगम में प्रजेंटेशन भी हो चुका है। नगर निगम परिसर के पीछे नया सदन बनाया जाएगा, इस पर करीब 25 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा।
शासन को भेजा जाएगा एमजी रोड पर भूमिगत मेट्रो का प्रस्ताव
पार्षद शरद चौहान ने एमजी रोड पर मेट्रो की लाइन भूमिगत डालने का सदन में प्रस्ताव रखा, इसे पारित करते हुए शासन को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया है।