आगरालीक्स …आगरा में क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट आईसीयू में ब्रेन डेथ, ट्रॉमा और स्ट्रोक के मरीजों का कैसे इलाज करें। देश और दुनिया के क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।
सोसायटी ऑफ न्यूरोक्रिटिकल केयर की छठी दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में देश विदेश के विशेषज्ञ इलाज की अत्याधुनिक तकनीकी की जानकारी देंगे। गुरुवार को सिनर्जी प्लस हॉस्पिटल में कार्यशाला का पोस्टर विमोचन किया गया।
आयोजन अध्यक्ष डॉ. रणवीर सिंह त्यागी ने बताया कि दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन होटल डबल ट्री बाई हिल्टन में 14 और 15 अक्टूबर को किया जा रहा है। इससे पहले 13 अक्टूबर को सिनर्जी प्लस हास्पिटल में प्री कांफ्रेंस कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला का उद्घाटन 14 अक्टूबर को शाम 7.30 बजे एसपी सिंह बघेल करेंगे।
एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व एम्स के न्यूरो क्रिटिकल केयर के डॉ. हिमांशु प्रभाकर व आयोजन सचिव डॉ. राकेश कुमार त्यागी ने बताया कि कार्यशाला में अमेरिका से एएल विलेसे, आरती सारवाल, कुबैत से वाईवी अबुलहसन, अर्जेंटीना से वाल्टर विदेता, नेपाल से जेंटल एस श्रेष्ठा, आस्ट्रिया से रेमुंड हेलबुक, जापान से एम नगायामा, बा्रजील से गिसेले सैमपियो, ब्रिटेन से एंड्रू लैविनियो, रूस से अलेक्जेंटर कुलिकोव के साथ ही देश भर से क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ शामिल होंगे। साइंटिफिक चेयरपर्सन डॉ. दीप्तीमाला ने बताया कि कार्यशाला में स्ट्रोक, ट्रामा की मरीजों की केयर से लेकर सर्जरी पर विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। ब्रेन डेथ को लेकर क्लिनिक सिनेरियो पर भी चर्चा की जाएगी। ब्रेन डेड मरीज की केयर के साथ ही दिमाग में सूजन, नसों में सूजन, दौरे आने पर किस तरह से इलाज किया जाए। गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों की केयर पर विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे।
15 अक्टूबर को आईसीयू में न्यूरो केयर के लिए तापमान, न्यूरोक्रिटिकल केयर में दवाएं, ब्रेन इंजरी के मरीजों का सीमित संसाधन में इलाज पर चर्चा की जाएगी। शाम 4.30 बजे कार्यशाला का समापन होगा। कार्यशाला में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांशु प्रभाकर, सचिव डॉ.वसुधा सिंघल शामिल होंगी। आयोजन समिति इससे पहले आगरा में 2006 में आइटीएसीसी और 2009 में आइएससीसीएम के साथ ही आइसीसीएम यूपी यूके, आइएसकेकान 2018 का सफल आयोजन करा चुकी है।