आगरालीक्स… आगरा में एडीए ने शास्त्रीपुरम, शहीद नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, कालिंदी विहार योजना में एमआईजी, एचआईजी, ईडब्ल्यूएस सहित 22 आवंटन निरस्त। 28़.48 लाख रुपये जब्त।
एडीए द्वारा शास्त्रीपुरम, शहीद नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, कालिंदी विहार योजना में एमआईजी, एचआईजी, ईडब्ल्यूएस के साथ ही व्यावसायिक भूखंड का आवंटन किया गया था। इसके लिए धरोहर राशि जमा कराई गई, आवंटन होने के बाद एडीए में बकाया जमा नहीं किया गया। इसके बाद एडीए ने जिन लोगों ने बकाया जमा नहीं कराया है उनके आवंटन निरस्त करना शुरू कर दिया है।
182 को नोटिस, अभी तक 32 आवंटन निरस्त
एडीए ने 182 लोगों को नोटिस दिए थे, एडीए के 50 करोड़ बकाया हैं। नोटिस देने के बाद भी बकाया जमा न करने पर पहले चरण में 10 संपत्तियों का आवंटन निरस्त किया गया। इनके 32.38 लाख रुपये जब्त कर लिए गए। अब दूसरे चरण में 22 और संपत्तियों का आवंटन निरस्त करते हुए 28.48 लाख रुपये जब्त किए गए हैं। अभी तक 32 आवंटन निरस्त किए जा चुके हैं।