आगरालीक्स…शादी में सूट—बूट पहनकर आने वाला जरूरी नहीं आपका रिश्तेदार ही हो. क्या पता वो…
आगरा में शादियों का सीजन शुरू हो चुका है. हर कहीं शादी का उत्साह लोगों पर छाया हुआ है लेकिन इस उत्साह में कुछ लोग जरूरी बातों को भूल जाते हैं. शादी समारोहों में आने वाले लोग अक्सर सूट बूट और नये कपड़े पहनकर ही आते हैं लेकिन सतर्क रहें, क्योंकि जरूरी नहीं कि आपके यहां शादी में आया हुआ हर सूट बूट पहना हुआ व्यक्ति आपका रिश्तेदार हो. दरअसल शादी समारोहों के शुरू होने के साथ ही जेवरात और रुपयों से भरा बैग मैरिज होम्स में से उड़ाने वाला गैंग भी सक्रिय हो गया है. हाल ही में आगरा के एक शादी समारोह में से रुपयों से भरा बैग चोरी हो गया. दरअसल गैंग के यह सदस्य सूट बूट और बाकायदा नये कपड़े पहनकर आते हैं, जिससे कोई उन पर शक न करे. ये लोग बड़ी ही जल्दी बारातियों या घरातियों के बीच घुलने—मिलने की कोशिश करते हैं. गैंग में बच्चे भी शामिल होते हैं जिन पर किसी का शक नहीं जाता. लेकिन यह लोग और बच्चे मौका मिलते ही गहनों और शगुन व कैश से भरा बैग पार कर ले जाते हैं.
आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र के फतेहाबाद मार्ग हो या फिर जगदीशपुरा, लोहामंडी, ट्रांस यमुना, हरीपर्वत आदि इलाके. इन इलाकों में बड़ी संख्या में मैरिज होम हैं और आगरा में कई बाद दूल्न्हा—दुल्हन के पर्स और बैग चोरी होने की वारदातों को अंजाम भी दिया जा चुका है. तीन साल पहले ताजगंज से चोर गैंग का सदस्य पकड़ा गया था. पुलिस ने जब इससे पूछताछ की तो यह एक बड़े गैंग का सदस्य निकला जो कि शादी समारोहों में बैग चोरी करते हैं. इनके साथ बच्चे भी होते हैं जो कि दूल्हा औ दुल्हन के परिवार के ऐसे सदस्य के पास खड़ा हो जाते है जिनके पास लिफाफे से संबंधित बैग या पर्स होता है. बैग इधर उधर रखने में ही पल भर में पार कर लिया जाता है.