आगरालीक्स…. आगरा में सड़क हादसे में दादी की गोद में बैठा लाड़ला नौ साल का अथर्व दुनिया छोड़कर चला गया। दादी और नाती की एक साथ अर्थी उठी, नम आंखें और कलेजा फट गया, नवंबर में मनाया था जन्मदिन।
शनिवार को गुरु द्वारा गुरु के ताल पर ट्रॉला के बीच में आटो के आने से छह लोगों की मौत हो गई। इसमें आवास विकास कॉलोनी सेक्टर पांच के रहने वाले फाइनेंस कंपनी में कार्यरत योगेंद्र शर्मा की मां रेखा शर्मा और बेटा नौ साल का अथर्व शर्मा भी था। योगेंद्र शर्मा के परिवार में उनकी मां रेखा शर्मा, पत्नी कुमकुम शर्मा, बेटा अथर्व शर्मा और बेटी है।
वे रामबाग में नया घर बनवा रहे थे, इसके चलते बेटे अथर्व का एडमिशन रामबाग स्थित स्कूल में कराया था। हर रोज सुबह योगेंद्र शर्मा बेटे को छोड़ने स्कूल जाते थे और दादी स्कूल से बेटे को आटो से लेकर आती थी। शनिवार को भी वे अथर्व को साथ लेकर आ रही थी, गोद में अथर्व बैठा हुआ था। हादसे में रेखा शर्मा और अथर्व की मौत हो गई।
दादी और लाड़ले नाती की एक साथ उठी अर्थी
रविवार सुबह दादी रेखा शर्मा और नाती अथर्व शर्मा की सेक्टर पांच से एक साथ अर्थी उठी। हर आंखें नम थी, कलेजा फटा जा रहा था। हर कोई कह रहा था कि अथर्व अपनी दादी का लाड़ला था, दादी भी अपने लाड़ले की हर मांग पूरी करती थी। अथर्व ने 12 नवंबर को अपनी छोटी बहन का जन्मदिन मनाया था वह स्कूल की पिकनिक पर जाना चाहता था लेकिन योगेंद्र शर्मा ने मना कर दिया था। उसने दादी से कहा तो अथर्व को पिकनिक पर भेजने के लिए उन्होंने योगेंद्र शर्मा से कहा था।