आगरालीक्स …आगरा में एक कारोबारी के चार वर्षीय बेटे की अपहरण के बाद हत्या कर दी, शव घर के पास एक बोरे में मिला है, इससे कोहराम मचा हुआ है। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
आगरा के एत्मादपुर के गणेश नगर में सर्राफा कारोबारी श्रीभगवान वर्मा रहते हैं, उनके दो बेटी और सबसे छोटा चार साल का बेटा आशु है। वह एत्मादपुर के ही केएस पब्लिक स्कूल में केजी में पढ़ता था। शुक्रवार दोपहर को घर के बाहर से लापता हो गया था। शाम तक तलाश चलती रही। नहीं मिला तो छह बजे एत्मादपुर थाने पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
रात को कस्बा की बिजली गुल हो गई थी। इसके चलते उसे ढूंढने में परेशानी हो रही थी।
घर के पास प्लॉट में मिला शव
रात दस बजे जैसे ही बिजली आई, आशू के चाचा रंजीत की नजर घर के पास ही खाली पड़े प्लॉट में एक बोरी पर पड़ी। उसने पास जाकर देखा तो बोरी से बच्चे के पैर बाहर निकल रहे थे। कई और लोग साथ थे। बोरी खोलकर देखी गई तो उसमें से आशू निकला। उसके सिर पर चोट के निशान थे। खून निकल रहा था।
हॉस्पिटल लेकर भागे परिजन
उसे जीवित मानकर माता-पिता उपचार के लिए आगरा ले गए। पहुंचे। वहां डाक्टर ने मृत बताया। यह सुनते ही आशू की मां अर्चना का रो रोकर बुरा हाल हो गया।
हो सकता है करीबी का हाथ
श्रीभगवान वर्मा और उनके परिवार ने आशू की हत्या में किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। उनका कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। पुलिस का मानना है कि यह मामला फिरौती के लिए अपहरण का नहीं लग रहा। वारदात का मकसद फिरौती होता तो बच्चे की हत्या न की जाती। हो सकता है बच्चे ने अपहरणकर्ता को पहचान लिया हो। इसलिए उसकी हत्या कर दी गई हो। हालांकि सही जानकारी हत्यारे के पकड़े जाने पर ही सामने आएगी।
Leave a comment