आगरालीक्स …आगरा में साइबर क्रिमनल ने टीचर और फाइनेंस कंपनी के एजेंट के खाते से रुपये निकाल लिए गए, मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उन्हें जानकारी हुई।
साइबर शातिरों ने शिक्षक और फाइनेंस कंपनी के एजेंट को निशाना बना लिया। एक के खाते से 46 हजार तो दूसरे के खाते से सात बार में 35 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।
शास्त्रीपुरम में विवेकपुरी निवासी वर्षा राजौरिया प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। उनके खाते से बुधवार रात 11.02 बजे 40 हजार रुपये पार हो गए। मोबाइल में आए मैसेज को देखने पर जानकारी हुई। सुबह 6.08 बजे बैंक के टोल फ्री नंबर पर कॉल कर एटीएम ब्लॉक करा दिया। इसके बाद भी साइबर शातिरों ने सुबह 6.44 बजे उनके खाते से छह हजार रुपये और निकाल लिए। उन्होंने थाना सिकंदरा में मामले की शिकायत की।
बल्केश्वर कॉलोनी निवासी मनोज श्रीवास्तव टाटा केपिटल फाइनेंस में एजेंट हैं। 10 अप्रैल को उनके खाते से रात 11.11 बजे से 11.25 बजे के बीच सात बार में पांच-पांच हजार रुपये निकाले गए। उन्होंने पासबुक में एंट्री कराई तो ये रुपये पेटीएम मोबाइल सोल्यूशन द्वारा निकाले जाने की जानकारी हुई। मनोज का कहना है कि उनके खाते में ऑन लाइन या मोबाइल बैंकिंग की सुविधा नहीं है। इसके बाद भी खाते से रुपये निकले गए। मामले की शिकायत साइबर सेल में की गई है।
Leave a comment