आगरालीक्स….. आगरा में ब्यूटीपार्लर से तैयार होकर दुल्हन आएगी, नाले पर जयमाला, नाले पर ही भोजन, फूलों से सजी कार से विदा। बिल्डर, एडीए, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की बेरुखी पर अनूठा प्रदर्शन।
आगरा के शमसाबाद रोड स्थित नगला कली में दो से अधिक कॉलोनी हैं, इन कॉलोनियों में ना सड़क बनी है ना पानी की निकासी के लिए नाले और नालियां हैं। स्थानीय लोग सालों से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर लगा रहे हैं। इसके बाद भी समस्या का समाधान न होने पर कॉलोनी के लोगों ने नाले पर वैडिंग सेरेमनी, यानी शादी की सालगिरह मनाकर विरोध दर्ज कराएंगे।
दुल्हन आएगी और नाले पर जयमाला
स्थानीय निवासी श्रीभगवान शर्मा और उनकी पत्नी उमा रविवार को शादी की सालगिरह मनाएंगे। उनकी शादी 17 साल पहले हुई थी, श्रीभगवान शर्मा का कहना है कि उनकी पत्नी ब्यूटीपार्लर से तैयार होकर आएंगी, जहां जलभराव बना रहता है वहीं नाले पर जयमाला डाली जाएगी। फूलों से सजी कार से पत्नी को विदा कराकर घर ले जाएंगे। नाले पर ही सभी लोग बैठकर प्रीतिभोज भी करेंगे।
शांतिप्रिय लोग हैं इसलिए ऐसा प्रदर्शन
स्थानीय लोगों का कहना है कि सालों से अपने क्षेत्र की समस्या के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मिल रहे हैं। मगर, उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है, शांति प्रिय लोग हैं इसलिए इस तरह का विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।