आगरालीक्स…आगरा की विधायक रानी पक्षालिका सिंह बनीं यूपी रोइंग एसोसिएशन की अध्यक्ष. रोइंग खेलों के विस्तार के लिए होगा काम…
उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन की रविवार को हुई आमसभा की बैठक में हुए चुनावों में भाजपा विधायक रानी पक्षालिका सिंह को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुन लिया गया है। रविवार को होटल गोल्डन ट्यूलिप में हुए चुनावों में राज्यसभा सांसद डा.दिनेश शर्मा फिर से मुख्य संरक्षक के पद पर चुने गए जबकि सचिव के पद पर सुधीर शर्मा : निर्वाचित हुए है। कोषाध्यक्ष के पद पर कविता अग्रवाल को चुना गया। चयन समिति के चेयरमैन आदित्य मिश्रा (आईपीएस) बने। उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के पर्यवेक्षक एसके तिवारी (ओएसडी), उत्तर प्रदेश खेल विभाग के पर्यवेक्षक अजय कुमार सेठी (क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी लखनऊ) व रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के पर्यवेक्षक केके सिंह की निगरानी में हुए इन चुनावों में सभी पदों पर सर्वसम्मति से निर्वाचन हुआ। चुनाव के बाद रिटर्निंग आफिसर रविन कपूर व सहायक रिटर्निंग आफिसर अखिलेश तिवारी (एडवोकेट हाईकोर्ट) ने परिणामों की घोषणा की। इसके साथ रेणुका मिश्रा (आईपीएस) चेयरमैन के पद पर बनीं।

इस अवसर पर अध्यक्ष रानी पक्षालिका सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में रोइंग खेल के विस्तार के लिए नई योजनाओं के साथ आगे बढ़ेंगे। उत्तर प्रदेश रोइंग की बड़ी प्रतियोगिताओं की मेजबानी कर सकता है, इसका प्रमाण खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के अंतर्गत पिछले साल गोरखपुर के रामगढ़ताल में हुई रोइंग की स्पर्धाओं के आयोजन से मिलता है। वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ में भी रोइंग की संभावनाओं पर भी काम होगा। गोरखपुर के साथ ही प्रयागराज में भी जल्द रोइंग ट्रेनिंग सेंटर चालू हो जाएगा जिसके लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर की नाव आ चुकी है। उम्मीद है कि आने वाले समय में प्रदेश में रोइंग के नए आयाम मिलेंगे। वहीं सचिव सुधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को साधुवाद कि रामगढ़ताल में वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रोइंग ट्रेनिंग सेंटर की शुरुआत हो गई है। इसके साथ ही वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में रोइंग प्रशिक्षण के लिए सीटों के आवंटन का प्रस्ताव शासन में लंबित है। उम्मीद है कि शीघ् ही निर्णय लिया जाएगा।