आगरालीक्स…आगरा में ‘तंदूरी रोटी’ को लेकर मारपीट. शादी में बारातियों और घरातियों के बीच चले लात घूंसे…
आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र में एक शादी के दौरान ‘तंदूरी रोटी’ को लेकर बारातियों और घरातियों के बीच जमकर मारपीट हो गई. दोनों पक्षों में जमकर लात घूंसे चले. इससे शादी में अफरातफरी मच गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक हंगामा कर रहे लोग वहां से भाग खड़े हुए.
घटना पीली पोखर स्थित एक मैरिज होम की है. सोमवार को यहां एक शादी का प्रोग्राम चल रहा था. बारात का स्वागत किया गया और कुछ बारातियों को छोड़कर सभी बारातियों ने खाना खा लिया और बाद में उन्हें विदा भी कर दिया गया. विवाद देर रात 1 बजे हुआ जब कुछ बाराती खाना खाने के लिए पहुंचे. यहां तंदूरी रोटी को लेकर घराती और बारातियों में विवाद हो गया जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया और फिर लात घूंसे चलने लगे.
किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले हंगामा कर रहे युवक वहां से भाग खड़े हुए. पुलिस का कहना है कि शराब पीकर मारपीट की घटना हुई थी. किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है.