आगरालीक्स…आगरा फोर्ट मेट्रो स्टेशन का नाम बदला. आदेश जारी. अब इस नाम से जाना जाएगा यह मेट्रो स्टेशन
आगरा मेट्रो के आगरा फोर्ट मेट्रो स्टेशन का नाम बदल दिया गया है. इस स्टेशन को अब डॉ. आंबेडकर चौक मेट्रो स्टेशन के नाम से जाना जाएगा. शासन की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है. हाल ही में आगरा के कोठी मीना बाजार में हुए भाजपा के अनुसूचित मोर्चा राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस स्टेशन का नाम बदलने की घोषणा की थी. इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हुए थे. आज इस स्टेशन के नाम बदलने का शासनादेश जारी कर दिया गया है. बता दें कि इससे पहले आगरा मेट्रो के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन रखा गया है.
ताजनगरी में आगरा मेट्रो की यात्री सेवाओं का शुभारंभ हो चुका है. देश-विदेश से आगरा आने वाले पर्यटक एवं शहरवासी बढ़-चढ़ कर मेट्रो सेवा का लाभ ले रहे हैं. बीते रविवार तक 122000 से अधिक यात्री आगरा मेट्रो में सफर कर चुके हैं. आगरा मेट्रो के यात्रियों की यात्रा मंगलमय एवं सुरक्षित हो इसके लिए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है. यात्रा के दौरान यदि किसी व्यक्ति का सामान ट्रेन अथवा स्टेशन परिसर में कहीं छूट जाता है तो उसे सकुशल वापस किया जा रहा है. यूपी मेट्रो द्वारा अब तक 12 बैग यात्रियों को सकुशल वापस लौटाए गए हैं.