आगरालीक्स… आगरा में डीजीपी सुलखान सिंह ने कहा कि लॉ एंड आॅर्डर में कमियां हैं, इसी काराण से मथुरा और आगरा में सर्राफा कारोबारियों के साथ वारदात हुई हैं। भूमाफियाओं और लपकों की सूची तैयार हो रही है, इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मथुरा और रुनकता की घटनाओं का जल्द ही खुलासा होगा। इसके लिए टीमें काम कर रही हैं।
गुरुवार को आगरा रेंज के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा के बाद डीजीपी सुलखान सिंह ने कहा कि आए दिन हो रही वारदात की रोकथाम के लिए बाजारों में पुलिस पिकेट और गश्त बढाए जाएंगे। बाजार कमेटी बनाकर अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने का काम किया जाएगा। यूपी 100 में कुछ कमियां हैं, इसे भी दूर किया जाएगा।
सांसद कठेरिया ने माना भाजपा सरकार आने के बाद कानून व्यवस्था सुधरी नहीं
सांसद राम शंकर कठेरिया ने कहा कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है। बडे स्तर के अधिकारी बदले गए हैं अभी और बदलाव होने हैं। इसमें समय लग सकता है।
बेखौफ बदमाश और नाकाम पुलिस के आंकडे झकझोर देने वाले हैं, 60 दिनों में आगरा और अलीगढ मंडल में 103 लूट और 76 हत्याएं हुई हैं। पुलिस महकमे के प्रदेश के मुखिया डीजीपी यहां आए हुए हैं, इस दौरान भी लूट की वारदात होती रहीं। गुरुवार को डीजीपी सुलखान सिंह सर्किट हाउस में 11 बजे से आगरा रेंज की कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, योगी सरकार बनते ही आगरा और अलीगढ मंडल में क्राइम का ग्राफ तेजी से बढा है। बेखौफ बदमाश ताबडतोड वारदात कर रहे हैं, हत्या और लूट की वारदात के बाद बदमाशों को पुलिस पकड नहीं पा रही है, इससे लगातार क्राइम बढ रहा है। मथुरा में सर्राफा कारोबारी मेघ अग्रवाल और विकास अग्रवाल की बदमाशों ने हत्या कर चार करोड की लूट कर ली, आगरा के रुनकता में सर्राफा कारोबारी दिनेश अग्रवाल से बीच बजार में लूट की गई, उनकी हालत भी गंभीर है, डॉक्टर उन पर नजर रखे हुए हैं।
इस तरह 60 दिनों में बढा क्राइम ग्राफ
आगरा 21 लूट, 13 हत्याएं
फीरोजाबाद में 11 लूट, छह हत्याएं
कासगंज में नौ लूट, 11 हत्याएं
मैनपुरी में 14 लूट, आठ हत्याएं
मथुरा में 17 लूट, नौ हत्याएं
एटा में आठ लूट, 10 हत्याएं
अलीगढ में 12 लूट, 10 हत्या
हाथरस में 10 लूट, 9 हत्याएं
Leave a comment