आगरालीक्स… ( Loksabha Election Agra 2024 ) आगरा में चुनावी माहौल गर्माने लगा है, पीएम मोदी, प्रियंका गांधी के साथ ही मायावती आगरा में सभा करेंगी। आगरा में दो दिन बाद लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन शुरू हो जाएगा।
आगरा में तीसरे चरण में सात मई को मतदान है, इसके लिए 12 अप्रैल से आगरा सुरक्षित सीट के लिए नामांकन शुरू होंगे। इसके साथ ही चुनावी सभा भी शुरू हो जाएंगी। 11 अप्रैल को बसपा के नेशनल कोआर्डिनेटर आकाश आनंद चक्कीपाट, बिजलीघर पर सभा करेंगे।
अप्रैल में पीएम मोदी की सभा
आगरा सुरक्षित सीट से भाजपा से प्रो. एसपी सिंह बघेल और फतेहपुर सीकरी सीट से राजकुमार चाहर प्रत्याशी हैं। इन दोनों प्रत्याशियों के लिए अप्रैल के अंतिम सप्ताह में पीएम नरेंद्र मोदी सभा करेंगे, 25 अप्रैल के बाद उनकी सभा हो सकती है। इसकी तैयारी शुरू हो गई है।
प्रियंका गांधी के रोड शो की मांग
सपा कांग्रेस गठबंधन में फतेहपुर सीकरी सीट कांग्रेस को मिली है और कांग्रेस से रामनाथ सिकरवार प्रत्याशी हैं। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के लिए रामनाथ सिकरवार की तरफ से प्रियंका गांधी के रोड शो की मांग की गई है।
चार मई को मायावती की सभा
बसपा से आगरा सुरक्षित सीट से पूजा अमरोही और फतेहपुर सीकरी सीट से रामनिवास शर्मा प्रत्याशी हैं। इन दोनों प्रत्याशियों के लिए चुनाव से ठीक पहले चार मई को बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती कोठी मीना बाजार से चुनावी सभा करेंगी।
अखिलेश यादव भी कर सकते हैं सभा
सपा कांग्रेस गठब्ंधन से आगरा सुरक्षित सीट सपा को मिली है और सुरेश चंद्र कर्दम प्रत्याशी हैं। सीएम अखिलेश यादव आगरा में सभा कर सकते हैं अभी उनका कार्यक्रम निर्धारित नहीं है।