आगरालीक्स…सूरज की तेज किरणें जैसे झुलसा रही हैं, बाहर निकले लोग बेहाल, गर्मी से राहत के फिलहाल कोई आसार नहीं
आगरा में अप्रैल के महीने में ही गर्मी अपने चरम पर है। लोग सोच कर भी परेशान हैं कि मई और जून में आखिर क्या होगा। आलम यह है कि तेज धूप की किरणें शरीर को जैसे झुलसा रही हैं। जो भी लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं वे गर्मी से बेहाल हो रहे हैं।
आईएमडी के अनुसार शहर का तापमान पिछले कुछ दिनों से 40 डिग्री सेल्यिस के करीब है। इससे दोपहर के समय आगरा की सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। मुख्य मार्गों पर हैवी वाहन ही दिख रहे हैं। हाईवे, यमुना किनारा और एमजी रोड की बात करें तो यहां बेहद कम संख्या में दोपहिया वाहन नजर आ रहे हैं। सिर पर धूप बर्दाश्त न होने और गर्म हवाओं के थपेड़ों की वजह से लोग सुबह और शाम के वक्त ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। इसके अलावा जरूरी कामों के लिए लोग दोपहर को जरूर निकल रहे हैं। राजा की मंडी, नूरी दरवाजा, शाहगंज, सदर, नौलक्खा, संजय प्लेस, कमलानगर, सिकंदरा समेत छोटे—बड़े बाजारों में भी भीड़ नजर नहीं आ रही है। इधर सड़कों के किनारे छांव तलाशते शीतल पेय ढूंढने वालों की संख्या भी बढ़ी हुई है। नारियल पानी, नींबू पानी, लस्सी, कोल्ड डिंक आदि ठंडे पेय की बिक्री खूब देखी जा रही है।
आज का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर रहा। पिछले कुछ दिनों में मामूली अंतर ही देखने को मिला है लेकिन एक सप्ताह बाद तापमान और बढ़ जाएगा। मौसम विभाग की मानें तो इस अगले शनिवार तक इसके 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाने की संभावना है। बारिश के फिलहाल कोई आसार नहीं हैं।