आगरालीक्स …आगरा मंडल में 45.80 लाख वृक्षारोपण करने का लक्ष्य, वन संरक्षक अनिल कुमार पटेल ने अवगत कराया गया कि इस वर्षाकाल 2024 में वन विभाग को आगरा मंडल में लगभग 45.80 लाख वृक्षारोपण करने का लक्ष्य दिया गया है जो जुलाई माह में प्रस्तावित है।
आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी वन प्रभाग की पौधशालाओं में वर्ष 2023-24 में पौध उगान का लक्ष्य 1.28 करोड़ था जिसके सापेक्ष 1.32 करोड़ पौध उगान किया गया है। वृक्षारोपण के लिए विभाग द्वारा एक्शन प्लान भी तैयार कर लिया गया है। मंडलायुक्त महोदया द्वारा निर्देश दिए गये कि चारों जनपदों में मार्गों के किनारे, सेंट्रल वर्ज, ग्रीन बेल्ट, पार्कों एवं अन्य छोटे-छोटे रिक्त स्थलों पर भी वृक्षारोपण किया जाए। यमुना नदी किनारे पर छूटे हुए स्थानों पर, घाटों पर भी संबंधित विभागों के समन्वय से वृक्षारोपण किया जाए। राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी वृक्षारोपण कर हरियाली विकसित करने के लिए एनएचएआई और पीडब्लूडी विभाग के साथ बैठक कर कार्ययोजना तैयार की जाए।
इसके अलावा चारों जनपदों में 10-10 हेक्टे के दो भूभागों को चिन्हित कर ईको टूरिज्म के रूप में विकसित किया जाए, जहां विभिन्न प्रकार की प्रजाति के पेड़-पौधे, गोल हट, विश्राम करने हेतु ईको हट, बैंचेस, वाॅच टाॅवर, कैंटीन इत्यादि सुविधाएं भी हों। मंडलायुक्त महोदया ने कहा कि चारों जनपदों में डीएफओ शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर स्वयं सर्वे कर रिक्त स्थलों का चयन करें और उन सभी जगहों पर वृक्षारोपण हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
12 वेटलैंड संरक्षण वन
आगरा मण्डल के 12 वेटलैण्ड संरक्षण वन, 4 मित्र वन और एक विरासत वृक्ष वाटिका का भी वृक्षारोपण हेतु स्थल चयन किया गया है। जनपद मैनपुरी के किशनी और करहल रेंज में अग्रिम मृदा कार्य प्रगति पर है। फिरोजाबाद के रपड़ी ईको टूरिज्म साइट की एप्रोच रोड़ पर भी वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। ताज नेचर वाॅक की साइट का विस्तार करने और इसी तरह एक और साइट विकसित करने के निर्देश दिए। चंबल सफारी क्षेत्र में लैंडस्केपिंग का कार्य प्रगति पर है, अन्य पुराने कार्यों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। सूर सरोवर कीठम में पार्किंग विकसित कर ली गयी है। एक बोट क्रय की गयी है। बोट संचालन की परिमिशन हेतु आवश्यक प्रक्रिया जारी है। गोल्फ कार्ट वाहनों की खरीद प्रक्रिया को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।