आगरालीक्स…आगरा में बिचपुरी स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट मेयर को मिला बंद. कई दिनों से बंद पड़ा था. मेयर ने लगाई फटकार, तुरंत चालू करने के दिए निर्देश…
बिचपुरी स्थित 36 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का गुरुवार को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने नगर निगम के अधिकारियों के संग निरीक्षण किया। एसटीपी चालू न मिलने पर महापौर ने अधिकारियों को फटकार लगाई और जल्द से जल्द एसटीपी को चालू करने के निर्देश दिए।
बीते कई दिनों से एसटीपी बंद पड़ा हुआ था, क्षेत्रवासियो को कोई परेशानी न हो इसके लिए महापौर ने दस दिन पहले महाप्रबंधक जलकल और वबाग की टीम को स्थलीय निरीक्षण कर एसटीपी को चालू करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी जब एसटीपी शुरू नहीं हुआ तो महापौर ने गुरूवार को खुद स्थलीय निरीक्षण किया और एसटीपी बंद पाए जाने पर अधिकारियों को फटकार लगाई।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा कि यह 36 एमएलडी की क्षमता वाला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट है, इससे मारुति एस्टेट, जगदीशपुरा, लोहामंडी, आवास विकास कॉलोनी, कलाकुज, श्यामनगर, शास्त्रीपुरम सहित कई क्षेत्र प्रभावित होते हैं। महापौर ने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण आमजन को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। अधिकारियों को एसटीपी शुरू करने के निर्देश दिए हैं, जिससे कि सीवर की गंभीर समस्या होने से बचा जा सके।