आगरालीक्स…आगरा के राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर जन्मी ‘राधा’. आरपीएफ और मेडिकल स्टाफ ने प्लेटफार्म पर कराई महिला की डिलीवरी..
आगरा का राजा की मंडी स्टेशन. यूं तो अब इस स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव कम होने के कारण भीड़ कम होती है लेकिन आज यह स्टेशन चर्चा में इसलिए आया है क्योंकि इस स्टेशन के प्लेटफार्म पर ‘राधा’ नाम की एक बच्ची का जन्म हुआ है.
आरपीएफ प्रभारी लक्ष्मण प्रसाद पर्चारी ने मीडिया को बताया कि सुबह के समय चौकी पर सूचना मिली कि प्लेटफार्म नंबर 1 पर एक महिला प्रसव पीड़ा से परेशान है. इस पर तुरंत एक महिला कांस्टेबल प्रियंका गौतम को वहां भेजा गया. महिला कांस्टेबल ने उस महिला की स्थिति देगी जो दर्द से तड़प रही थी. महिला कांस्टेबल ने तुरंत मेडिकल सहायता मंगाकर महिला का सफल प्रसव प्लेटफार्म पर ही करवाया. प्लेटफार्म पर चादरों से एक रूम तैयार किया गया और फिर मेडिकल स्टाफ की मदद से महिला ने एक स्वस्थ बेटी को जन्म दिया.
आरपीएफ के अनुसार महिला स्टेशन पर ही भीख मांगती है. उसके पति की मौत हो चुकी हे. महिला और उसकी नवजात बेटी को लेडी लायल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हॉस्प्टिल में महिला कांस्टेबल प्रियंका गौतम से पूछा गया कि बच्ची का नाम क्या रखना है. इस पर प्रियंका ने कहा मैं तो राधारानी की भक्त हूं, तो राधा ही रख दो. इसके बाद बच्ची का नाम राधा रखा गया.