आगरालीक्स…शॉकिंग….आगरा कैंट पर 260 ग्राम नहीं बल्कि तीन किलो सोना लूटा गया था. सर्राफा कारोबारी को था इस बात का डर…पुलिस ने दो हिरासत में लिए…
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से तीन माह पहले जयपुर के सराफा कारोबारी के कर्मचारी से लूटा गया सोना 260 ग्राम नहीं बल्कि पूरा तीन किलो था. इस तीन किलो लूटे गए सोने की कीमत करीब सवा दो करोड़ रुपये की बताई जा रही है. पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और वारदात में कारोबारी के एक करीबी का नाम भी सामने आया है. पुलिस जल्द ही इस घटना का खुलासा करेगी.
ये था मामला
जयपुर के पटेल नगर में मनीष सोनी की मंशा ज्वैलर्स नाम से फर्म है. मार्च 2024 में मनीष ने आगरा के थाना शाहगंज में शिकायत दर्ज कराई थी. इसमें बताया गया था कि जनवरी में उनका कर्मचारी प्रदीप सिंह निवासी सवाई माधोपुर सोने के जेवरात लेकर कोलकाता गया था. डील न होने पर वह जेवरात लेकर सियालदाह एक्सप्रेस से जयपुर लौट रहा था. आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही दो शातिर ट्रेन में चढ़ गए. उन्होंने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए प्रदीप को चेकिंग के नाम पर ट्रेन से उतार लिया.
कर्मचारी से कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि उसके पास तस्करी का सोना है. इस पर कर्मचारी घबरा गया. फर्जी पुलिस अधिकारियों ने उसे जेल भेजने की धमकी दी और थाने ले जाने के बहाने उसे अपने साथ ले गए. ईदगाह पुल पर आरोपियों ने कर्मचारी को धमकाया और उससे जेवरात का बैग, मोबाइल और जेब में रखा कैश ले लिया. उससे कहा कि मालिक से कहना कि थाने आकर बात करे. सराफा कारोबारी ने उस समय 260 गा्रम सोने के जेवरात लूटने का आरोप लगाया था.
इस मामले में पुलिस का कहना है कि लूटा गया सोना करीब तीन किलोग्राम था. सराफा कारेाबारी ने आयकर के डर से सोना कम लिखाया था. पुलिस की टीमें इस मामले में जांच कर रही हैं. कई अहम सुराग मिले हैं. घटना की साजिश में कारोबारी के एक परिचित का नाम भी सामने आया है. पुलिस जल्द ही इस वारदात का खुलासा करेगी.