आगरालीक्स…आगरा में दो साल में बनकर तैयार हो जाएगा एयरपोर्ट. कई और शहरों के लिए फ्लाइट्स भी होंगी शुरू…जानिए किसने किया ये दावा
आगरा में दो साल के अंदर खेरिया हवाई अड्डे के सिविल टर्मिनल के निर्माण का काम पूरा हो जाएगा और यहां से अन्य शहरों के लिए भी उड़ानों की संख्या में बढ़ोतरी होगी. यह दावा केंद्रीय मत्स्य पालन एवं पंचायती राज राज्यमंत्री और आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल ने किया. उन्होंने कहा कि सिविल टर्मिनल निर्माण का कार्य एक कदम और आगे बढ़ गया हे. इस दौरान उनके साथ एयरपेार्ट सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विधायक डा. जीएस धर्मेश, सदस्य पूरन डावर भी उपस्थित रहे.
पत्रकार वार्ता में केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि एएसआई ने नए एकीकृत टर्मिनल भवन के सिविल निर्माण कार्य के लिए केएसएम बशीर मोहम्मद एंड संस कंपनी को अनुबंध दे दिया है. कंपनी साल की तीसरी तिमाही यानी जुलाई सितंबर में जमीनी कार्य शुरू कर देगी और अगले दो साल में सभी कार्य पूरे करके उड़ानों को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि नया टर्मिनल भवन 34346 वर्ग मीटर में फैला हुआ हे. इसे 1400 पीक आॅवर यात्रियों को संभालने के लिए डिजाइन किया गया है. हवाई अड्डे के विकास के लिए तीन गांवों धनौली, अभयपुरा और बल्हेरा में 92.50 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए 123.59 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं. उन्होंने बताया कि एएआई ने दिसंबर 2023 में टर्मिनल के सिविल निर्माण अनुबंध के लिए निविदाएं आमंत्रित कीं जिसमें 441.79 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान लगाया गया और दो साल की समय सीमा तय की गई. इस दौरान प्रेस वार्ता में सुधीर गुप्ता, दिगम्बर सिंह धाकरे, गौरव शर्मा, नवीन गौतम, रोहित कात्याल भी उपस्थित रहे.