आगरालीक्स…शादी में दूल्हा पक्ष ने डीजे पर कर दी ऐसी हरकत, दुल्हन बोली—इज्जत पर आ गई बात, अब नहीं करूंगी शादी. बिना दूल्हन के लौटा दूल्हा…
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में एक शादी समारोह में ऐसा हंगामा हुआ कि दुल्हन ने शादी करने से ही इनकार कर दिया. लाख समझाने पर भी जब दुल्हन नहीं मानी तो दूल्हा पक्ष बिना दुल्हन के ही वापस लौट गया. मामला फिरोजाबाद के जसराना का है. नगला सलेही मैनपुरी के रहने वाले रामबाबू की बेटी की शादी जसराना के खुदादापुर में रहने वाले रविंद्र के साथ तय थी. शादी जसराना के एक रिसॉर्ट में शादी समारेाह चल रहा था. धूमधाम से बरात आई और जमकर स्वागत किया गया.
मामला तब जाकर बिगड़ा जब डीजे पर डांस के लिए वर वधु पक्ष में विवाद हो गया.आरोप है कि दूल्हा पक्ष के लोगों ने दुल्हन पक्ष की महिलाओं और पुरुषों के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया. जमकर दोनों पक्षों में हंगामा हुआ जिसकी सूचना पर पुलिस भी आ गई. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाबुझाकर मामला शांत कराया. लेकिन इस घटना से दुल्हन बिफर गई. वो बोली बात इज्जत पर आ गई है और उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया.
लोगों के उड़ गए होश
दुल्हन के शादी करने से साफ इनकार करने पर दुल्हा पक्ष के होश उड़ गए. इस दौरान दुल्हन को मनाने के काफी देर तक प्रयास होते रहे लेकिन दुल्हन नही मानी और बाद में दुल्हन पक्ष ने भी शादी करने से इंकार कर दिया. दुल्हा पक्ष बिना दुल्हन के वापस लौट गया. मामला पुलिस तक भी पहुंचा है.