आगरालीक्स…आगरा में 20 दिन तक एमजी रोड पर नहीं चलेंगे भारी वाहन. एकलव्य स्टेडियम के सामने से बाइक और स्कूटी भी नहीं जाएंगी…
आगरा में 14 जुलाई से होने जा रही अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर यातायात पुलिस द्वारा रूट डायवर्जन जारी किया गया है. इस भर्ती रैली में 12 जिलों के करीब 15 हजार अभ्यर्थी आगरा के एकलव्य स्टेडियम में भाग लेंगे. इस भर्ती रैली और भारी संख्या में अभ्यर्थियों के आने पर यातायात पुलिस की ओर से रूट डायवर्जन भी जारी किया गया है. 13 जुलाई की शाम से एक अगस्त की शाम तक सभी भारी और हल्के वाहनों का डायवर्जन इस प्रकार रहेगा.
भारी वाहनों की ये होगी व्यवस्था
भगवान टाकीज से एमजी रोड एवं ग्वालियर रोड यानी क्लब चौराहा से रोहता नहर चौराहा तक के मध्य भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. भगवान टाकीज चौराहा से शहर में प्रवेश करने के वाले भारी वाहन अन्य वैकल्पिक मार्गों से महानगर में होकर अपने गंतव्य को जाएंगे.
ग्वालियर की ओर से महानगर में आने वाले भारी वाहन रोहता नहर चौराहा से पथौली नहर चौराहा होकर तथा रोहता नहर चौराहा से दिगनेर पुलिया से शमसाबाद रोड होकर अपने गंतव्य को जाएंगे.
फतेहाबाद रोड, शमसाबाद रोड, यमुना किनारा रोड की ओर से आने वाले भारी वाहन क्लब चौराहा होकर ग्वालियर की ओर नहीं जा सकेंगे. ये वाहन तोरा चौकी, दिगनेर पुलिया, देवरी पुलिया, रोहता होकर अपने गंतव्य को जाएंगे.
मधुनगर चौराहा से सदर बाजार की ओर किसी भी प्रकार के भारी वाहन को एंट्री नहीं दी जाएगी.
हल्के वाहनों के लिए ये होगी व्यवस्था
क्लब चौराहा से अल्लाह बक्श चौराहा तक एवं अल्लाह बक्श चौराहा से क्लब चौराहा से एकलव्य स्टेडियम के सामने सभी प्रकार के छोटे बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा.
ग्वालियर रोड की ओर से आने वाले हल्के वाहन, कार, आटो, बाइक व स्कूटी सोलंकी मार्केट चौराहा से डायवर्ट होकर ताराचन्द पार्क तिराहा से टैंक चौराहा होकर जाएंगे.