आगरालीक्स…आगरा के इस युवक को मिला प्रतिष्ठित इतिहास पुरस्कार “डैन डेविड प्राइज-2024”. 3 लाख डॉलर भी मिले. आगरा के राजघराने से इनका संबंध
विश्व के सबसे बड़े प्रतिष्ठित इतिहास पुरस्कार डैन डेविड प्राइज द्वारा वर्ष 2024 के लिए घोषित 09 इतिहासवेत्ता विजेताओं की सूची में भारतीय मूल के आगरा निवासी युवराज त्रिपुरदमन सिंह को भी चुना गया है। पुरस्कार के संस्थापक डैन डेविड के पुत्र और पुरस्कार समिति के सदस्य एरियल डेविड ने उनको इतिहास परक उल्लेखनीय शोध कार्यों के लिए 03 लाख डॉलर्स की धनराशि प्रदान करते हुए इस मौके पर कहा कि वर्तमान समय की जटिलताओं को समझने और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए सर्वप्रथम अपने अतीत को बेहतर ढंग से समझना जरूरी है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को हासिल करने वाले भारतीय मूल के इतिहास शोधकर्ता भदावर राजघराने के युवराज त्रिपुरदमन सिंह जिनेवा ग्रेजुएट इंस्टिट्यूट, यूनिवर्सिटी ऑफ़ लंदन में अध्ययनरत हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजा अरिदमन सिंह और बाह की विधायक रानी पक्षालिका सिंह के सुपुत्र युवराज त्रिपुरदमन सिंह यूनिवर्सिटी आफ लंदन के इंस्टीट्यूट आफ कॉमनवेल्थ स्टडीज में ब्रिटिश अकैडमी पोस्ट डॉक्टोरल फेलो हैं। आपने यूनिवर्सिटी ऑफ वारविक, यूके से पॉलिटिक्स और इंटरनेशनल स्टडीज में स्नातक किया है। मॉडर्न साउथ एशियन स्टडीज में आपने एमफिल की है और यूनिवर्सिटी आफ कैंब्रिज से इतिहास में डॉक्टरेट की उपाधि अर्जित की है।
त्रिपुरदमन रॉयल एशियाटिक सोसाइटी के फेलो हैं। आपको इंडियन काउंसिल ऑफ हिस्टॉरिकल रिसर्च द्वारा फेलोशिप अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। ‘इंपीरियल सॉवरेन्टी एंड लोकल पॉलिटिक्स’ शीर्षक से आपकी एक पुस्तक कैंब्रिज यूनिवर्सिटी प्रेस द्वारा प्रकाशित हो चुकी है।