आगरालीक्स…महिलाओं के लिए पीरियड्स के दौरान सेनेटरी पैड का उपयोग जितना जरूरी, उतना ही इस सेनेटरी पैड का निस्तारण भी है जरूरी. आगरा में शुरू हुई सेनेटरी वेस्ट वैन. मेयर ने दिखाई हरी झंडी
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा की पहल पर रविवार को आवास विकास क्षेत्र के वार्ड 74 में नगर निगम आगरा द्वारा सेनेटरी इंक अभियान की शुरूआत की गई। महापौर ने वार्ड 74 के पुष्पांजलि गार्डेनिया अपार्टमेंट से सेनेटरी इंक अभियान के तहत सेनेटरी वेस्ट को निस्तारण के लिए एकत्रित करने वाले कूड़ा कलेक्शन वाहन को हरी झंडी दिखाई।
इसके बाद अपार्टमेंट के क्लब हाउस में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि अभी सेनेटरी इंक अभियान को पहले फेज में आवास विकास के वार्ड-74 में शुरू किया गया है। बाद में अभियान का विस्तार करके शहर के अन्य वार्डों में भी इस अभियान को चलाया जाएगा। महापौर ने कहा कि सेनेटरी इंक अभियान को शुरू करने का उद्देश्य महिलाओं की निजी स्वच्छता (पर्सनल हाईजीन) को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण को स्वच्छ रखना है। महिलाओं को पीरियड्स के दौरान सेनेटरी पैड का उपयोग करना चाहिए। इससे महिलाएं कई प्रकार के गंभीर रोगों से बच सकती हैं। इसके साथ ही इस सेनेटरी पैड का सही तरीके से निस्तारण भी होना चाहिए। क्योंकि कहीं न कहीं यह बायो वेस्ट की श्रेणी में भी आ जाता है। इस कारण लोगों को सेनेटरी पैड के सही निस्तारण के प्रति जागरुक करने के उद्देश्य से इस अभियान को शुरू किया गया है।
अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण, महिलाओं की निजी स्वच्छता जैसे मुद्दों पर क्षेत्रीय लोगों और स्वयंसेवी संस्थाओं के द्वारा लोगों को नुक्कड़ नाटक व अन्य माध्यमों से जागरुक किया जाएगा। सेनेटरी पैड के निस्तारण के लिए अलग से नगर निगम की कूड़ा कलेक्शन वैन वार्ड में घर-घर पहुंचेगी और सेनेटरी पैड के वेस्ट को कलेक्ट करेगी। इसके बाद सेनेटरी पैड का सही तरीके से निस्तारण किया जा सकेगा। महापौर ने इस दौरान कहा कि महिलाओं को अपनी निजी स्वच्छता और सेहत के बारे में खुलकर बात करनी चाहिए। जब वह सेनेटरी पैड को सही तरीके से निस्तारित करने के लिए कलेक्शन वैन में डालेंगी तो महिलाओं को शरमाने, छिपते हुए कूड़े को डालने की कोई जरूरत नहीं है। जब इस बारे में खुलकर बात होगी तो महिलाओं की निजी स्वच्छता के प्रति भी ज्यादा जागरुकता फैलेगी। गोष्ठी के दौरान अपार्टमेंट और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।