आगरालीक्स ….ट्रेन में सफर करते समय बैग से ज्वैलरी और कैश कब गायब हो गया, पता ही नहीं चलता था। आगरा जीआरपी ने पकडे बदमाशों ने चोरी के नए तरीके का सनसनीखेज खुलासा किया है।
ट्रेनों में बदमाशों का एक गिरोह काम कर रहा था, गिरोह के सदस्य ट्रेन में परिवार सहित यात्रा करने वाली यात्रियों के पास बैठ जाता था। उनसे बात करते करते बैग में रखे कैश और मोबाइल सहित ज्वैलरी को पार कर रास्ते में उतर जाता था, कुछ देर बाद बैग खोलने पर यात्रियों को अहसास होता था तब तक बदमाश फरार हो जाते थे।
नाखून में लगा रखे थे ब्लैड
पकडे गए बदमाशों ने बताया कि बदमाशों ने नाखून में ब्लैड लगा रखे थे, वे पास में बैठने के बाद बैग में नाखून से कट लगा देते थे, इसके बाद धीरे धीरे ज्वैलरी और कैश पार कर देते थे। यह इतनी सफाई से किया जाता था कि यात्री को चोरी का अहसास तक नहीं होता था।
इनको किया अरेस्ट
पुलिस अधीक्षक रेलवे शिवहरी मीना के निर्देश पर रेलवे पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध गिरफ्तारी, बरामदगी अभियान चलाया जा रहा है । अभियान के अंतर्गत क्षेत्राधिकारी रेलवे आगरा-इटावा राजेंद्र सिंह के आदेश पर थानाध्यक्ष जीआरपी कैंट मणिकांत शर्मा ने पुलिस फोर्स के साथ चेकिंग के दौरान प्लेट फार्म नंबर 4-5 पर झांसी साइड बनी एकांत कोठरी में पांच शातिरों को चोरी की योजना बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया ।
अभियुक्तों में प्रमुख रूप से रामलखन पुत्र गोपाल सिंह फिरोजाबाद, प्रदीप कुमार पुत्र ख्याली राम, भीमा पुत्र कायम सिंह फिरोजाबाद, मुकेश यादव पुत्र रघुनंदन और बृजेश यादव पुत्र रघुनंदन शामिल हैं । इनसे तलाशी पर दो चाकू, एक जोड़ी सोने के झुमके, एक जोड़ी चांदी के खड़वा व नगदी 14,300 रुपये जब्त किए गए हैं । पकड़े गए आरोपी शातिर किस्म के अपराधी है । गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई कमला शंकर, एसआई कैलाश बाबू, कां. अवनीश कुमार, एसओजी प्रभारी एसआई हरिओम सिंह आदि शामिल रहे । एसपी रेलवे की ओर से टीम को पांच हजार रुपये का ईनाम दिया गया है ।