आगरालीक्स…ट्रेन में आतंकी हैं और उनके पास विस्फोटक हैं…इस सूचना के बाद टूंडला रेलवे स्टेशन पर तीन घंटे तक रोगी गई पुरुषोत्तम एक्सप्रेस.
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में टूंडला स्टेशन पर आज करीब तीन घंटे तक पुरुषोत्तम एक्सप्रेस को रोका गया. तीन घंटे तक ट्रेन में सर्चिंग चलती रही, लेकिन जब कुछ नहीं मिला तो इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया. दरअसल सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स से रेलवे अधिकारियों को जानकारी मिली कि पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में आतंकवादी हैं और उनके पास विस्फोटक है. लेकिन यह महज अफवाह निकली.
पुरी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में आज सुबह आतंकियों के सफर करने की सूचना से हड़कंप मच गया. रेलवे अधिकारी अलर्ट हो गए. इस गाड़ी को टूंडला स्टेशन पर रोक दिया गया. लगभग रात ढाई बजे टूंडला स्टेशन पर पहुंची यह ट्रेन सुबह छह बजे तक रोकी गई. इस दौरान गहन जांच की गई लेकिन कोई भी संदिग्ध नहीं पाया गया. सभी कोचों में यात्रियों को जगाया गया और उनके सामान की मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वॉयड केसाथ जांच की गई लेकिन कुछ नहीं मिला. अधिकारियों ने बताया कि हमें एक एक्स हैंडल से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध आतंकवादी विस्फोटक के साथ ट्रेन में सफर कर रहे थे जिसे वे एयर इंडिया की दिल्ली—लेह फ्लाइट में रखेंगे. हमने कार्रवाई शुरू की लेकिन यह एक अफवाह निकली.