आगरालीक्स…आगरा में पेट दर्द, सर्दी जुकाम और नींद की लाखों नकली टेबलेट बन चुकी थी और बनाई जा रही थीं. नकली दवा फैक्ट्री से भारी मात्रा में सॉल्ट मिला. 14 दवाओं के सैंपल लिए, सरगना सहित 10 को भेजा जेल…पूरा रैकेट जानें
आगरा के शास्त्रीपुरम में एंटी नारकोटिक्स टीम ने मंगलवार को नकली दवाओं की फैक्ट्री पकड़ी है. एंटी नारकोटिक्स टीम ने छापा मारकर कार्रवाई की और यहां से भारी मात्रा में करोड़ों रुपये की नकली दवाएं बरामद की है. इनमें पेट दर्द, सर्दी जुकाम, एंटी एलर्जिक के अलावा एल्पोजोलम और पैरासीटामोल जैसी दवाएं भी शामिल हैं, जो कि नकली बनाई जा रही थीं. टीम ने यहां से सरगना सहित 10 लोगों को अरेस्ट किया है, जिन्हें आज कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. बड़ी बात ये है कि जिस सरगना को पुलिस ने पकड़ा है वह पहले भी नकली दवा फैक्ट्री चलाने के आरोप में जेल जा चुका है और तब वह नकली कफ सीरप बनाते समय पकड़ा गया था.
शास्त्रीपुरम में चल रही थी नकली दवाओं की फैक्ट्री
एंटी नारकोटिक्स टीम ने मंगलवार को शास्त्रीपुरम के मोहम्मदपुर में छापा मारकर इस नकली दवाओं की फैक्ट्री को पकड़ा है. यह फैक्ट्री बेसमेंट में चलाई जा रही थी. टीम ने जब यहां छापा मारा तो भारी मात्रा में पैरासीटामोल और एल्पोजोलम सहित नकली दवाओं का जखीरा बरामद किया है. इन बरामद नकली दवाओं की कीमत 4.5 करोड़ रुपये बताई गई है. इसके अलावा टीम को यहां से करोड़ों रुपये की एक मशीन भी बरामद की है. इस मशीन की कीमत 3.5 करोड़ रुपये की है.
दवा माफिया सहित 10 को भेजा जेल
टीम ने यहां से दवा माफिया यानी सरगना विजय गोयल और नरेंद्र शर्मा सहित 10 लोगों को अरेस्ट किया है. इन्हें आज कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. जिन लोगों को अरेस्ट किया गया है उनमें विजय गोयल निवासी आईकॉन सिटी मघटई सिकंदरा, नरेंद्र शर्मा निवाीस शंकरपुरी केदारनगर, बालाजी पुरम अलबतिया निवासी अमित पाठक, तेहरा सैंया निवासी अशोक कुमार, भोला कुशवाह, शिव कुमार कुशवाह, जितेंद्र कुशवाह, आलोक कुशवाह, रविकांत और जाजऊ निवासी लोकेंद्र कुशवाह हैं.
14 दवाओं के लिए नमूने
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां से 14 दवाओं के नमूने लिए हैं. यहां से जो दवाएं बरामद की हैं उनमें अल्प्रासेफ टेबलेट, मोन्टेयर एफएक्स टेबलेट, प्रोक्सीवेल एसपीएएस कैप्सूल, एल्जोसेल टैबलेट हैं. इसके अलावा भारी मात्रा में सॉल्ट भी बरामद किया है जिनमें 500 किलो एल्प्राजोरम सॉल्ट, 163 किलो प्रोक्सीवॉल लूज सॉल्ट, 75 किलो ट्रमाडोल ओरेंज कलर पाउडर और 75 किलो सफेद पाउडर है.
11 राज्यों में सप्लाई करते थे माल
पकड़े गया गैंग हिमाचल प्रदेश और दिल्ली से कच्चा माल लाते थे और यहां तैयार करने के बाद इन दवाओं को 11 राज्यों में सप्लाई करते थे. इतनी भारी मात्रा में नकली माल तैयार किया जा रहा था जो कि मार्केट में जा चुका था और भारी मात्रा में तैयार किया जा रहा था.