आगरालीक्स…आगरा में कार चलाते समय युवक की बिगड़ी तबीयत. साथ में बैठी पत्नी के फूल गए हाथ—पांव…रो—रोकर मांग रही थी मदद…सही समय पर पहुंची पीआरवी, तुरंत पहुंचाया अस्पताल
आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में कार सवार एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ जाने के बाद साथ में बैठी पत्नी के होश उड़ गए. रो—रोकर मदद मांगने लगी लेकिन सही समय पर वहां पुलिस की पीआरवी गाड़ी पहुंच गई. जिसमें सवार पुलिसकर्मियों ने तुरंत युवक को अस्पताल पहुंचाया. यहां युवक का इलाज किया गया और अब वह स्वस्थ है. महिला ने पुलिस का आभार जताया है.
कार सवार महिला रेनू ने पुलिस का आभार जताते हुए बताया कि वह अपने पति के साथ कार से जा रही थी कि सिकंदरा थाना क्षेत्र के रिषी पुरम के पास अचानक पति की तबीयत खराब हो गई. हाथ पैर अकड़ने लगे. यह देखकर रेनू के होश उड़ गए. उसने कार से बाहर निकलकर रो—रोकर मदद की गुहार लगाई. लेकिन तभी पीछे आ रही पीआरवी 6 की गाड़ी सही समय पर वहां पहुंच गई. पीआरवी में सवार सिपाही पंचम सिंह और गजेंद्र शर्मा ने बिना देरी किए बीमार युवक को अस्पताल पहुंचाया. इलाज के बाद युवक स्वस्थ है. पुलिस की इस तत्परता से युवक की जान बच गई. महिला ने पुलिसका आभार जतायाहै.