आगरालीक्स…नगर निगम की कार्यकारिणी में मेयर के नाराज होने पर एक्शन. अपर नगरायुक्त और महाप्रबंधक को जारी किए गए नोटिस…
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह द्वारा सोमवार को नगर निगम में कार्यकारिणी की बैठक में जताई नाराजगी के बाद अपर नगरायुक्त और महाप्रबंधक पर गाज गिरी है। नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने अपर नगरायुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव और महाप्रबंधक जलकल अरुणेन्द्र कुमार राजपूत को नोटिस जारी कर विकास कार्यों में शिथिलता न बरतने के कठोर निर्देश दिए हैं।
नगरायुक्त ने अपर नगरायुक्त को भेजे नोटिस में निर्देश दिए हैं कि नगर निगम सदन व कार्यकारिणी बैठकों में लिए गए निर्णयों व पारित प्रस्तावों की अनुपालन आख्या 20 नवंबर को होने वाली आगामी कार्यकारिणी बैठक में प्रस्तुत की जाएं। इसके साथ ही पार्षदगणों को भी अनुपालन की स्थिति से अवगत कराया जाए। नगरायुक्त ने नगर निगम के समस्त विभागाध्यक्षों को भी कठोर निर्देश देते हुए कार्य में शिथिलता न बरतने और समय से कार्य पूरा करने के लिए भी पत्र लिखा है। इसके साथ ही नगरायुक्त ने महाप्रबंधक जलकल को भी सोमवार को कार्यकारिणी बैठक में समय से पुनरीक्षित बजट की प्रति उपलब्ध न कराने के लिए भी तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।