आगरालीक्स…आगरा के डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में वार्षिक खेल प्रतियोगिता चैलेन्जर 2024 का हुआ शुभारम्भ. 34 प्रतियोगिताओं में 500 से ज्यादा खिलाड़ी लेंगे भाग
डा. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता (चैलेन्जर 2024 ) का जोशीला शुभारम्भ गुरुवार को संस्थान के खेल मैदान में हुआ। उद्घाटन अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह, अर्न्तराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रायफल शूटिंग खिलाड़ी आयुषी गुप्ता व अन्य अतिथियों ने भगवान गणेश के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया। संस्थान के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह ने आयुषी गुप्ता की असाधारण उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट किया तथा इसके उपरान्त उन्होंने चैलेन्जर 2024 की ट्राफी का अनावरण करते हुए वैलून रिलीज व विभिन्न संकायों की टीमों के फ्लैग मार्च का निरीक्षण किया।

चैलेन्जर 2024 के उद्घाटन सत्र में भारत ही नही बल्कि विश्व में अपने नाम का डंका बजवा चुकी आयुषी गुप्ता ने सभी खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र के अन्दर एक खिलाड़ी छिपा रहता है जरूरत हमें उसे निखारकर आगे लाने की । उन्होंने सभी छात्र – छात्राओं को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारा संस्थान छात्र/छात्राओं के भविष्य निर्माण के साथ साथ शारीरिक कौशल एवं प्रतिस्पर्धा के माध्यम से खेल भावना का संचार करने का प्रयास करता है। उन्होने सभी छात्र-छात्राओं से खेल की भावना से प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की।
डा एमपीएस ग्रुप ऑफ इस्टीट्यूशन्स विगत 15 वर्षों से लगातार छात्र – छात्राओं की मानसिक शारीरिक विकास के लिए चैलेन्जर 2024 प्रतियोगिता का आयोजन करता है । इस वर्ष प्रतियोगिता में सात संकायों के 500 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न प्रकार की 34 प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे । प्रतियोगिता के प्रथम दिन टग ऑफ वॉर के पुरूष वर्ग में बी कॉम व महिला वर्ग में एम.बी.ए ने बाजी मारी। टेबिल टेनिस के पुरूष व महिला वर्ग में एमबीए ने कब्जा जमाया वहीं थ्रो बॉल महिला वर्ग का मुकाबला बीसीए के नाम रहा। प्रतियोगिता में मंच संचालन डीन एचआर डॉ प्रवल प्रताप सिंह ने किया। डायरेक्टर एकेडमिक डा. विक्रांत शास्त्री ने सभी को धन्यवाद प्रेषित किया। डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन डा. अनूप कुमार गोयल ने बताया कि संस्थान प्रतिवर्ष छात्रों के लिये इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहता है। चैलेन्जर 2024 के कॉर्डीनेटर हिमांशु आर्या के निर्देशन में सभी प्रतियोगिताऐं संपन्न हुई।
इस अवसर पर डॉ एमपीएस वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या राखी जैन, डीन मार्केटिंग सन्दीप सक्सेना, डीन एडमिनिस्ट्रेशन चन्द्रशेखर, डीन सी एस डॉ आमेन्द्र सिंह, प्रबन्धन संकाय के विभागाध्यक्ष राहुल शर्मा, बायोटेक के विभागाध्यक्ष डॉ. खालिद हुसैन सहित समस्त कोर्डिनेटर व शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा।