आगरालीक्स…. भले ही भूकंप के झटके ताजमहल को ना हिला सकें, लेकिन हवा के तेज झोके से बुधवार को ताजमहल के पूर्वी गेट पर सरहिंदी बेगम के मकबरे के छज्जे में लगा पत्थर टूट गया और सीधे सैलानियों के लिए बने शेड के ऊपर आ गिरा। गनीमत रही कि सुबह हुए इस हादसे के समय भीड़ कम थी और शेड के नीचे पर्यटक नहीं थे। बुधवार सुबह करीब आठ बजे ताजमहल पूर्वी गेट पर सैलानियों के प्रवेश का सिलसिला चल रहा था। उसी दौरान अचानक तेज आवाज हुई और पर्यटकों में हलचल मच गई। एएसआइ कर्मचारी भी बाहर निकल आए, उन्होंने देखा पूर्वी गेट के अंदर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) के कार्यालय के ऊपर स्थित सरहिंदी बेगम के छज्जे में लगा पत्थर टूटकर शेड के ऊपर गिरा हुआ था। यह तब है जब ताजमहल के संरक्षण का कार्य 24 घंटे चलता है और इसकी अंतरराष्टीय स्तर पर भी निगरानी होती है। यहां देश विदेश के हजारों सैलानी हर रोज ताज का दीदार करने के लिए आते हैं। सरहिंदी बेगम के मकबरे का पत्थर गिरने से संरक्षण कार्य पर भी सवाल उठ रहे हैं। वर्ष 2011 में ही इस मकबरे पर संरक्षण कार्य कराया गया था, इसमें 25 लाख रुपये खर्च हुए थे।
Leave a comment