आगरालीक्स…एक्सीडेंट में दो भाइयों की दर्दनाक मौत, बुआ की बेटी की शादी में जा रहे थे बाइक से. गम के बीच चुपचाप हुई शादी की रस्में…
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में एक दर्दनाक घटना ने शादी वाले घर में कोहराम मचा दिया. आज सुबह एक तरफ जहां बहन की डोली उठ रही थी तो दूसरी ओर उसके दो भाइयों की अर्थी. दोनों भाई अपनी बुआ की बेटी की शादी में शामिल होने आ रहे थे लेकिन रास्ते में एक्सीडेंट में दोनों की मौत हो गई. शादी वाले घर में कोहराम मच गया. गम के बीच चुपचाप शादी की रस्में निभाई गईं.
एटा के अवागढ़ के गांव चुरैथा में रहने वाली रेशमा की बेटी की मंगलवार को शादी थी. बुआ की बेटी में शामिल होने के लिए रेशमा के भाई के बेटे दीपक और प्रशांत बाइक से आ रहे थे. फतेहपुर मोड़ पर इनकी बाइक बिजली के पोल से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. इधर जब घटना की जानकारी शादी वाले घर में पहुंची तो खुशियां मातम में बदल गईं. भतीजों की मौत से बुआ रेशमा बेसुध हो गईं. बेटी की शादी की रस्में भी चल रही थीं. किसी तरह गम को दबाकर चुपचाप शादी की रस्में पूरी की गईं. इधर रात को कुछ घरवालें पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए. आज सुबह बहन की डोली उठी तो दूसरी ओर दोनों भाइयों की अर्थी उठाई गई. बेटी के विदा होने के बाद शादी वाले घर में मातम पसर गया. प्रधान प्रतिनिधि के अनुसार बिना बैंड बाजे के बारात चढ़ी. चुपचाप शादी की रस्में पूरी होने के बाद बेटी को विदा कर दिया गया.