आगरालीक्स…माघ पूर्णिमा पर बांकेबिहारी जी ने पहनी नोटों से बनी पोशाक. अनोखी छवि में दिए दर्शन भक्तों ने लगाई बांकेबिहारी जी की जय—जयकार
वृंदावन के ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी की महिमा अपरम्पार है. देश विदेश से हर दिन हजारों की संख्या में भक्त उनके दर्शन के लिए आते हैं. भगवान भी अपने भक्तों को अलग—अलग स्वरूपों में दर्शन देते हैं. बुधवार को माघ पूर्णिमा के अवसर पर बांकेबिहारी जी अनोखी छवि में दर्शन देते हुए नजर आए. बुधवार शाम को जब बांकेबिहारी जी के दर्शन खुले तो उन्होंने नोटों से बनी हुई पोशाक धारण की हुई थी.
मंदिर के गोस्वामी नितिन सांवरिया के अनुसार राजस्थान के एक भक्त बुधवार सुबह मंदिर में आए. उन्होंने हमें बांकेबिहारी के लिए पोशाक दी. यह नोट की बनी हुई है. उन्होंने परिवार के साथ दर्शन किए और दान करते हुए अपनी पहचान गोपनीय रखने का आग्रह किया. इस पोशाक की वैल्यू करीब 4 लाख रुपये है. इसको बनाने में 200 रुपये की नोट की 15 गड्डियों का इस्तेमाल किया गया. इसके अलावा एक लाख रुपये की 10 व 20 रुपये के नोट और 100 और 500 रुपये के नोट भी इस्तेमाल किए गए हैं. उन्होंने बताया कि पहली बार भगवान ने नोटों से बनी पोशाक धारण कराई है.