आगरालीक्स..महाकुंभ में फिर से उमड़ने लगी लोगों की भीड़. पांच किलोमीटर तक वाहनों का लंबा जाम…
प्रयागराज महाकुंभ में देश के कोने—कोने से लोग पहुंच रहे हैं. माघ पूर्णिमा के स्नान के बाद से कुछ कमी आई थी लेकिन शुक्रवार को फिर से प्रयागराज की ओर आने वाले हर रास्ते पर जाम की स्थिति नजर आई. नैनी में करीब पांच किलोमीटर तक जाम लगा रहा और वाहनेां की कतारें लगी रहीं. शहर के बालसन, एएनझा मार्ग सहित नया यमुना ब्रिज से लेकर सेंट्रल जेल नैनी तक लंबा जाम लगा हुआ नजर आया. हालांकि सीएम योगी आदित्यनाथ ने जाम को लेकर सख्त रुख अख्तियार किया है. सीएम ने अधिकारियों से सड़क पर उतरकर जाम से निपटने के निर्देश जारी किए हैं.
50 करोड़ लोगों के महाकुंभ में स्नान का दावा
प्रयागराज महाकुंभ मानव समागम का सबसे बड़ा साक्षी बन गया है. 13 जनवरी से शुरू हुए इस महाकुंभी में अब तक 50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु डुबकी लगा चुके हैं और अभी भी श्रद्धालुओं के आने का क्रम लगातार जारी है. गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती की त्रिवेणी में धार्मिक और सांसकृति एकता की अद्वितीय मिसाल बना है यह महाकुंभ.
कई देशों की जनसंख्या भी इतनी नहीं
यूएस सेंसस ब्यूरो की एक रिपोर्ट के अनुसार दुनिया में 200 से अधिक राष्ट्रो में जनसंख्या के दृष्टिकोण से टॉप 10 देशों में भारत 1.41 अरब, चीन 1.40 अरब, अमेरिका 34 करोड़, इंडोनेशिया 28.35 करोड़, पाकिस्तान 25.70 करोड़, नाइजीरिया 24.27 करोड़, ब्राजील 22.13 करोड़, बांग्लादेश 17 करोड़, रूस 14 करोड़ और मैक्सिको 13.17 करोड़ हैं. वहीं महाकुंभ में श्रद्धालुओं की संख्या 50 करोड़ को देखा जाए तो केवल भारत और चीन की जनसंख्या ही यहां आने वाले श्रद्धालुओं से अधिक है.