आगरालीक्स… आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में नई बिल्डिंग से पत्थर गिरने से कारोबारी की मौत पर मुकदमा दर्ज। करोबारी के परिजनों ने बिल्डिंग का निर्माण कर रहे ठेकेदार के खिलापफ धारा 304 ए में मुकदमा दर्ज कराया है।
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में बुधवार रात को स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की 22 करोड से बनी नई बिल्डिंग से पत्थर गिर गया था, हादसे में मलपुरा निवासी कारोबारी प्रदीप कुमार की मौत हो गई और फीरोजाबाद निवासी शकुंतला के सिर में चोट आई है, वह एसएन में भर्ती हैं। इस मामले में गुरुवार को कोमल सिंह ने थाना एमएम गेट में बिल्डिंग का निर्माण कर रहे ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है, इसमें बिल्डिंग के निर्माण की गुणवत्ता खराब होने के बारे में भी लिखा है।
हादसे के बाद ओपीडी बंद
एसएन की नई बिल्डिंग में महिला मरीजों के लिए ओपीडी चल रही थी, हादसे के बाद इसे बंद कर दिया गया। बिल्डिंग की बेरीकेटिंग कर दी गई है और पोस्टर लगाए गए हैं कि बिल्डिंग से पत्थर गिर रहे हैं, इसलिए बिल्डिंग के नजदीक न जाएं।
हादसे से मच गया था चीखपुकार
मलपुरा के बरुअल ताल निवासी शेर खां का 10 महीने का बेटा एसएन के बाल रोग विभाग में 15 अगस्त से भर्ती है। शेर खां मलपुरा नगला बसुआ निवासी 40 वर्षीय प्रदीप कुमार के भाई के पच्चीकारी के कारखाने में काम करता है। ऐसे में बुधवार रात को प्रदीप कुमार शेर खां के बेटे को देखने के लिए आए थे। रात नौ बजे वे बाल रोग विभाग से बाहर निकल कर सामने बन रही स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की चार मंजिला बिल्डिंग के पास बैठ गए। वहां फीरोजाबाद के एका निवासी शकुंतला पहले से बैठी हुईं थीं। उनका नाती बाल रोग विभाग में भर्ती है। प्रदीप शकुंतला से बात कर रहे थे, इसी दौरान बिल्डिंग की दीवार से प्रदीप के सिर पर पत्थर गिर गया, कुछ देर बाद ही प्रदीप की मौत हो गई, जबकि शकुंतला के पैर पर पत्थर गिरा है. परिजन दोनों को लेकर एसएन इमरजेंसी पहुंचे, यहां से वे युवक को बाइक से ही निजी अस्पताल ले गए, युवक की मौत हो गई है।
करोडों की लागत से बनी है बिल्डिंग, अभी नहीं हुई हैंडओवर
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा में 22 करोड की लागत से 100 बेड की स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की नई बिल्डिंग बनी है। इस बिल्डिंग का हैंडओवर नहीं हुआ है, अभी प्रथम तल पर ओपीडी शुरू हो चुकी है। बिल्डिंग से पहले भी कई बार पत्थर गिर चुके हैं।
