आगरालीक्स… आगरा दिल्ली हाईवे पर टोल प्लाजा पर विवाद के बाद पुलिस की लूट का वीडियो वायरल होने पर बडी कार्रवाई, दरोगा समेत पांच सिपाही सस्पेंड कर दिए हैं, सीओ रिफाइनरी को हटा दिया है और एसएसपी कार्यालय से संबंध किया है। एसपी सिटी ने अपनी जांच एसएसपी को सौंप दी है, इसे शासन को भेज दिया गया है।
आगरा दिल्ली हाईवे पर फरह टोल प्लाजा से मंगलवार रात करीब 12 बजे सीओ रिफाइनरी नितिन सिंह टोल से पुलिस कर्मियों के साथ बूथ नम्बर-13 से गुजर रहे थे। उनकी गाडी पर बूम गिरने के बाद विवाद हो गया, इसके बाद वीडियो वायरल होने लगे, इसमें पुलिस कर्मी कैश निकालते दिखाई दे रहे हैं। इस मामले की जांच एसपी सिटी को सौंपी गई थी। मीडिया को एसएसपी ने बताया कि प्रथम द्रष्टया दोषी मानते हुए दरोगा गोविंद सिंह के साथ वीडियो में चोरी करते नजर आ रहे सिपाही वीरपाल सिंह यादव, सिपाही विजय, योगेश, मुनेंद्र को निलंबित कर दिया है। सीओ रिफाइनरी नितिन सिंह को अनुशासनहीनता में को एसएसपी कार्यालय से संबदृध कर दिया है। अब रिफाइनरी सर्किल को सीओ सदर विनय शंकर मिश्रा देखेंगे।
मुकदमा भी दर्ज
टोलकर्मियों की तहरीर पर पुलिस कर्मियों के खिलाफ मारपीट और चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए मामले की विवेदना क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है।
वीडियो वायरल होने से खलबली
टोल कर्मचारियों के अनुसार टोल के अन्दर घुसकर पुलिस कर्मियों ने कर्मचारियों को बेरहमी से पीटा। डेढ घंटे रात में टोल फ्री रहा। सैकड़ों वाहन बिना टोल दिए गुजर गए। अफरातफरी मच गई। कर्मचारी जान बचाकर खेतों में छिप गए। रिलायंस के कैशियर दीपक को तो लेटाकर लात-घूंसों से पीटा। आरोप है कि पुलिस कर्मी पैसे भी लूट ले गए। लूट का वीडियो वायरल हुआ है। सिपाही कैश लूटते साफ दिख रहा है।
वहीं पुलिस का कहना है कि एक कार सवार से टोल कर्मियों ने अभद्रता कर जबरन रुपये लिए थे। इसकी शिकायत टोल से पहले खड़े सीओ से की तो वह गश्त पर जाते समय वहां पहुंच गए। टोल कर्मियों को बुलाने सिपाही भेजा। टोल कर्मियों ने उससे अभद्रता कर दी। जब वह गाड़ी से गए तो उनके हाथ पर एक कर्मी ने बैरियर गिरा दिया। इससे उनके हाथ में चोट लग गई। खून निकल आया। एक दो उपद्रव करने वालों से मारपीट की गई। सीओ ने टोल प्रबंधक समेत अन्य कर्मियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस से अभद्रता का मुकदमा लिखाया है।
मामला आईजी रेंज के संज्ञान में है। उन्होंने एसपी सिटी को जांच सौंपी है।
पुलिस अधिकारियों को दिखाए वीडियो
रिलायंस अधिकारी और एआर टोल के पदाधिकारी बुधवार को एसएसपी से मिलने पहुंचे, वे नहीं मिले।उन्होंने लिखित शिकायत देते हुए सीसीटीवी फुटेज भी एसपी सिटी को दिखाए। फुटेज में मेटाडोर के पीछे सीओ की गाड़ी आती है। अचानक बूम गिर जाता है। इसके बाद कहर का दौर चलता है। एक दो पुलिस कर्मियों को जेब में पैसे ठूंसते हुए भी फुटेज में देखा जा सकता है।