आगरालीक्स…आगरा कैंट से पूरे एमजी रोड पर एक साथ होगा मेट्रो का काम. दूसरे कॉरिडोर में कुल 14 स्टेशन बनेंगे. एमजी रोड पर मेट्रो ऐलिवेटेड चलेगी. जानें एमजी रोड पर कहां—कहां होंगे मेट्रो के स्टेशन…
आगरा मेट्रो के दोनेां ही कॉरिडोर पर इस समय मेट्रो का काम चल रहा है. आगरा मेट्रो का पहला कॉरिडोर ताज पूूर्वी गेट से लेकर सिकंदरा तक है तो वहीं दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से एमजी रोड होते हुए कालिंदी विहार तक जाएगा. पहले कॉरिडोर के छह स्टेशनों पर इस समय मेट्रो चल रही है तो वहीं आने वाले कुछ महीनों में आईएसबीटी तक मेट्रो संचालित होने की उम्मीद है. इधर दूसरे कॉरिडोर यानी आगरा कैंट से कालिंदी विहार के लिए भी मेट्रो का काम चल रहा है.14 स्टेशन बनेंगे
शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले एमजी रोड पर मेट्रो ऐलिवेटेड चलेगी. आगरा कैंट से एमजी रोड तक इसका काम शुरू कर दिया गया है. फिलहाल हरीपर्वत चौराहे तक मेट्रो की बैरिकेडिंग लग चुकी है. इस रूट पर कुल 14 ऐलिवेटिड स्टेशनों का निर्माण किया जाना है. इस कॉरिडोर की मदद से यमुनापार क्षेत्र से लोग आसानी से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन सहित शहर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर आ जा सकेंगे.
एमजी रोड पर एक साथ होगा काम
यूपीएमआरसी की योजना पहले आधे एमजी रोड पर मेट्रो का काम पूरा करने की थी लेकिन अब इसमें बदलाव किया गया है और अब पूरे एमजी रोड पर एक साथ मेट्रो काम किया जाएगा. आगरा कैंट से एमजी रोड पर आखिरी स्टेशन दीवानी चौराहे पर होगा. यहां भगवान टाकीज से भी लोग इस स्टेशन पर जाकर सफर करेंगे. इस स्टेशन का नाम एमजी रोड होगा.
आगरा कैंट से एमजी रोड होते हुए हाइवे जाकर कालिंदी विहार तक मेट्रो के 14 स्टेशन बनेंगे. एमजी रोड पर बीच में मेट्रो चलेगी और जहां—जहां स्टेशन बनेंगे उसके दोनों ओर स्टेशनों पर जाने के लिए रास्ते होंगे. आगरा कैंट से मेट्रो के बाद सदर स्टेशन बनेगा. इसके बाद एमजी रोड पर मेट्रो आएगी. यहां प्रतापपुरा, कलक्ट्रेट, आगरा कॉलेज, हरीपर्वत, संजय प्लेस पर स्टेशन बनेंगे. इसके बाद मेट्रो का एमजी रोड पर आखिरी स्टेशन दीवानी के पास होगा जिसे एमजी रोड नाम दिया जाएगा. यहां से मेट्रो भगवान टाकीज फ्लाईओवर को ऊपर से क्रॉस करते हुए अबुउलाह रोड की तरफ आएगी और आगे जाकर सुल्तानगंज की पुलिया स्टेशन बनेगा. सुल्तानगंज की पुलिया के आगे से मेट्रो लंगडे की चौकी की तरफ क्रॉस करेगी और लंगड़े की चौकी के पास मेट्रो का कमला नगर स्टेशन बनेगा. फिर इसी दिशा में मेट्रो आगे के लिए रवाना होगी और आगे जाकर पहले रामबाग, फिर फाउंड्री नगर, मंडी समिति और कालिंदी विहार नाम के मेट्रो स्टेशन बनेंगे.
आगरा कॉलेज पर बनेगा इंटरचेंज
आगरा कॉलेज पर बनने वाला मेट्रो स्टेशन सबसे खास होगा. यहां इंटरचेंज स्टेशन बनेगा. यह स्टेशन दोनों कॉरिडोर को आपस में कनेक्ट करेगा. पहले कॉरिडोर ताज पूर्वी गेट से सिकंदरा तक होगा तो वहीं दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक होगा. इन दोनों ही कॉरिडोर का इंटरचेंज स्टेशन आगरा कॉलेज होगा.
आगरा कैंट
सदर बाजार
प्रतापपुरा
कलैक्ट्रेट ( फ्यूचर स्टेशन- सुभाष पार्क)
आगरा कॉलेज
हरीपर्वत
संजय प्लेस
एमजी रोड
सुल्तानगंज की पुलिया
कमला नगर
रामबाग
फाउंड्री नगर
मंडी समिति
कालिंदी विहार